फीचर्डराज्यराष्ट्रीय

पाक सेना ने मस्जिद और घरों पर की गोलीबारी

pak ceasefireजम्मू, नई दिल्ली। पाकिस्तानी सेना सीमा पर संघर्षविराम उल्लंघन से बाज नहीं आ रही है। पाक सैनिकों ने बुधवार देर रात को राजौरी के मंजकोटे सब सेक्टर में फिर से गोलीबारी कर एक मस्जिद और रिहायशी घरों को निशाना बनाया। पाक की ओर से पिछले 11 दिन में संघर्षविराम उल्लंघन की यह 13वीं घटना है। वहीं, रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि भारतीय सेना पाक को माकूल जवाब दे रही है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावे के अंधाधुंध गोलीबारी की। इस पर भारतीय सेना ने भी मोर्चा संभालकर जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी तड़के 4 बजे तक जारी रही। इससे भारतीय इलाके में एक मस्जिद और दो घरों को नुकसान पहुंचा। गोलीबारी से नियंत्रण रेखा के पास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने गत 19 और 20 अगस्त को संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए पुंछ जिले के हमीरपुर सबसेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की थी। गत 17-18 अगस्त की रात को भी पाक सेना ने जम्मू के आरएस पुरा और अरनिया सबसेक्टरों में सीमा के पास भारतीय चौकियों और असैन्य क्षेत्रों को निशाना बनाया था। सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि जम्मू और पुंछ सेक्टरों में सीमा पार से गोलाबारी का मकसद आतंकवादियों को जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ करने में मदद करना है। वहीं, रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को कहा कि सीमा पर पाकिस्तानी सेना जब भी संघर्षविराम का उल्लंघन करती है, भारतीय सैनिक उसका उचित जवाब देते हैं। संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने दोहराया कि पाकिस्तान की ओर से जानबूझकर बार-बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया जा रहा है। भारतीय सेना इस बात से पूरी तरह वाकिफ है और वह सीमा पर हर स्थिति से निपटने को तैयार है।

Related Articles

Back to top button