ब्रेकिंगराष्ट्रीय

पूर्व मुख्यमंत्री सैकिया के अब भी किरायेदार हैं पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह

गुवाहाटी : असम से 1991 में पहली बार राज्यसभा सदस्य चुने जाने के पहले से ही पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हितेश्वर सैकिया के घर में किरायेदार के रूप में रह रहे हैं। वे अब भी सैकिया के किरायेदार हैं। प्रत्येक माह वे समय पर अपने कमरे का किराया दे रहे हैं। असम के पूर्व मुख्यमंत्री हितेश्वर सैकिया की पत्नी और पूर्व कांग्रेस विधायक हेमप्रभा सैकिया ने इसका खुलासा किया। गुवाहाटी के सोरूमटरिया में उनके पति के मकान की पहली मंजिल के कमरे पर डॉ मनमोहन सिंह किरायेदार हैं। हेमप्रभा सैकिया ने बताया कि प्रधानमंत्री बनने के बाद डॉ सिंह कभी भी रहने नहीं आए। प्रधानमंत्री बनने से पहले वे अपने कमरे में रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि इसकी वजह यह हो सकती है कि उनके आने पर सुरक्षा कारणों से स्थानीय लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता। डॉ. सिंह इसलिए चाह कर भी यहां नहीं आए। उनका व्यक्तित्व बेहद सरल और आम जनमानस वाला है। उन्होंने कहा कि 2009 के लोकसभा चुनाव के दौरान डॉ सिंह अपनी पत्नी के साथ दिसपुर सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मतदान करने आए थे। हालांकि उनसे मुलाकात नहीं हो पायी। डॉ सिंह हर माह 700 रुपये कमरे का किराया देते हैं। उनके कमरे के बाहर चौखट पर उनकी नेम प्लेट लगी है। यह सैकिया परिवार के लिए गर्व की बात है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह 1991 से लगातार 2013 तक असम से राज्यसभा सदस्य चुने गए। 1998 से 2004 तक राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे। सिंह के प्रधानमंत्री बनने पर राज्य के लोगों की अपेक्षा बढ़ी। लोगों को लगा कि असम का तेजी से विकास होगा।

Related Articles

Back to top button