राज्यराष्ट्रीय

बंगाल उपचुनाव के लिए भाजपा हो रही तैयार

mukhtar-abbas naqaviकोलकाता। लोकसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल में अपनी उपस्थिति दर्शाने के बाद भाजपा अब राज्य में अगले माह होने जा रहे विधानसभा उपचुनाव और इस साल के आखिर में होने जा रहे स्थानीय निकाय चुनाव के लिए पार्टी संगठन को मजबूत कर रही है। भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने बताया कि पार्टी बसीरहाट साउथ और चौरंगी विधानसभा सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए ध्यान केंद्रित कर रही है। लोकसभा चुनाव में भाजपा को बसीरहाट साउथ विधानसभा सीट पर 30,000 मतों की बढ़त मिली थी। भाजपा के उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने बताया, ‘‘वर्ष 2016 में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए हमारे लिए संगठन को मजबूत करने और दृढ़ता हासिल करने के उद्देश्य से पश्चिम बंगाल महत्वपूर्ण राज्यों में से एक है।’’ नकवी ने कहा, ‘‘अपनी नीतियों के बारे में बताने के लिए लोगों तक पहुंचने के उद्देश्य से अपने कैडरों की सक्रियता बढ़ाने की खातिर हमने कई कदम उठाए हैं।’’ दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस बसीरहाट साउथ तथा चौरंगी सीटें जीतने का दावा करते हुए कहती है कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव में अंतर होता है और ‘‘कथित मोदी लहर अब फीकी पड़ रही है।’’ राज्य में पार्टी की स्थिति का संदर्भ देते हुए सिन्हा ने कहा, ‘‘यहां मोदी लहर है। लोगों में भाजपा के बारे में बढ़ती रुचि और तृणमूल के कुशासन का विकल्प पेश करने की हमारी क्षमता वह मुख्य कारण हैं जिनके चलते राज्य में हमारा प्रभाव बढ़ रहा है।’’ गत लोकसभा चुनाव में भाजपा की राज्य में वोटों की हिस्सेदारी 18 फीसदी थी और उसने दो सीटें.. आसनसोल और दार्जिलिंग जीती थीं। अब वह राज्य में राजनीतिक समीकरण बदलने की कोशिश में है जो अब तक वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस के बीच ध्रुवीकृत रहा है। राज्य में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन के पीछे जिन लोगों की भूमिका रही उनमें से एक हैं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह। उन्होंने बताया कि विभिन्न दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को शामिल करने के साथ साथ पार्टी ट्रेड यूनियनों, छात्रों और युवा शाखाओं में भी अपना आधार बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। यह पूछे जाने पर कि क्या राज्य में पार्टी नेतृत्व ममता बनर्जी के करिश्मे की बराबरी कर पाएगा, नकवी ने कहा, ‘‘हम एक व्यक्ति आधारित पार्टी नहीं हैं। हम कैडर आधारित पार्टी हैं जो जमीनी जड़ों से लेकर शिखर तक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देती है। हमारा यह भी मानना है कि हमारा राज्य नेतृत्व बेहतर काम कर रहा है।’’ 

Related Articles

Back to top button