उत्तर प्रदेशफीचर्ड

बच्चें जिम्मेदार नागरिक बनकर देश के प्रति अपना कर्तव्य निभाएं -नाईक

राज्यपाल ने राजभवन में आयोजित गणेश पूजा में दर्शन एवं आरती की

लखनऊः प्रदेश के राज्यपाल श्री राम नाईक ने आज राजभवन परिसर स्थित गुलमोहर कालोनी में आयोजित गणशोत्सव में गणपति की आरती की। गणपति पूजा का आयोजन राजभवन के कर्मचारी श्री राम किशोर एवं अन्य सहयोगियों द्वारा किया गया था। राज्यपाल ने इस अवसर पर शिक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों नीतू जायसवाल, अनुराग, देवराज सिंह, भावना तथा वैभव को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।राज्यपाल ने बच्चों का उत्साहवर्द्धन करते हुए लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक द्वारा आरम्भ किए गए गणपति उत्सव का इतिहास बताया। उन्होंने कहा कि बाल गंगाधर तिलक ने गणपति उत्सव को सार्वजनिक बनाकर लोगों में जागरूकता पैदा की तथा देश की आजादी के लिए जनमत तैयार किया। देश को आजाद हुए 70 वर्ष हो गए हैं, हमें स्वराज को सुराज में बदलना होगा। उन्होंने कहा कि बच्चें शिक्षा ग्रहण करके अपना धर्म निभाएं और देश के जिम्मेदार नागरिक बनकर देश के प्रति अपना कर्तव्य निभाएं।

श्री नाईक ने कहा कि गणपति की महिमा देश में हजारों साल से चली आ रही है। गणपति को गणपति इसलिए कहा जाता है क्योंकि वे आम जनता के मुखिया हैं। उन्हें मंगलमूर्ति, विध्नहर्ता, शुभवाहक, विनायक, कामनापूर्ति के साथ विद्या के देवता के रूप में पूजा जाता है। उन्होंने कहा कि लोगों में आपसी सौहार्द बने और एक-दूसरे के सुख-दुःख में साथी हों, यही गणपति उत्सव का संदेश है। कार्यक्रम में एक विद्यार्थी ने अपने हाथ से बना गणपति का चित्र राज्यपाल को भेंट किया। इस अवसर पर गणेशोत्सव से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन के0के0 म्यूजिकल ग्रुप द्वारा किया गया था।

Related Articles

Back to top button