राष्ट्रीय

बिहार : जद (यू) राजद मिलकर लडे़ंगे उपचुनाव 

bihar votingपटना। बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने 1० विधानसभा सीटों के लिए होने वाला उपचुनाव मिलकर लड़ने का फैसला किया है। इसकी घोषणा रविवार को की गई। जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने अटकलों को विराम देते हुए कहा कि उनकी पार्टी भाजपा को हराने के लिए राजद के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा ‘‘दोनों पार्टियों के नेताओं के साथ मिल कर सीटों की साझेदारी पर फैसला किया जाएगा। यह बड़ा मुद्दा नहीं है। हमारा मकसद बिहार में सांप्रदायिक ताकतों को हराना है।’’ निर्वाचन आयोग ने बिहार की 1० विधानसभा सीटों के लिए 21 अगस्त को उपचुनाव कराने की शनिवार को घोषणा की है। विधानसभा की जिन 1० सीटों के लिए उपचुनाव होने हैं उनमें नरकटियागंज राजनगर जाले छपरा हाजीपुर मोहिउद्दीननगर परबत्ता भागलपुर बांका और मोहनिया शामिल हैं। विधायकों के अप्रैल-मई महीने में हुए लोकसभा चुनाव में सांसद चुने जाने और पार्टी बदलने के लिए विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के कारण इन सीटों पर उपचुनाव कराए जा रहे हैं। वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि जद (यू) राजद को उपचुनाव में स्वीप करने का भरोसा है। पिछले महीने राज्यसभा चुनाव में राजद ने जद (यू) के प्रत्याशियों को समर्थन दिया था। जद (यू) और राजद 1994 में अलग हो गए थे और हाल में सम्पन्न हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा की भारी जीत के बाद दोनों करीब आए हैं। लोकसभा चुनाव में जीत के दम पर ताल ठोंक रही भाजपा को राज्य में अपने दम पर सत्ता हासिल करने का भरोसा है।

Related Articles

Back to top button