Lucknow News लखनऊफीचर्ड

बोर्ड परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ परीक्षाफल देने वाले सी.एम.एस. छात्रों ने निकाला विक्ट्री मार्च

राष्ट्रीय मेरिट सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले तीनों छात्रों को एक-एक लाख रूपये का नगद पुरस्कार

लखनऊ : आई.एस.सी. एवं आई.सी.एस.ई. बोर्ड परीक्षाओं में 90 से प्रतिशत से लेकर 99.50 प्रतिशत तक अंक अर्जित कर अभूतपूर्व सफलता का परचम लहराने वाले सिटी मोन्टेसरी स्कूल के 2263 मेधावी छात्रों ने आज अपनी रिकार्ड तोड़ सफलता का ‘विजय जुलूस’ निकाला एवं अन्य छात्रों को भी प्रेरणा दी। सी.एम.एस. छात्रों का यह विजय जुलूस गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित मकदूमपुर पुलिस चौकी से प्रारम्भ हुआ और सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम पहुँचकर एक विशाल सभा में परिवर्तित हो गया, जहाँ बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वाले विद्यालय के सभी 2263 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।
विक्ट्री मार्च के उपरान्त सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य ‘मेधावी छात्र सम्मान समारोह’ में 2263 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी, कैबिनेट मंत्री, महिला एवं परिवार कल्याण, उ.प्र., ने आई.एस.सी. (कक्षा-12) की राष्ट्रीय मेरिट सूची में प्रथम स्थान अर्जित करने वाले तीनों छात्रों सी.एम.एस. महानगर कैम्पस की राधिका चन्द्रा व समन वहीद एवं सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस के साक्षी प्रद्युम्न को एक-एक लाख रूपये के नगद पुरस्कार से नवाजा। समारोह का विशेष आकर्षण यह रहा कि इस अवसर पर मेधावी तीनों छात्रों की माताजी को फलों व फूलों से तौलकर जबकि पिताजी एवं शिक्षकों को शाल ओढ़ाकर सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया गया। इससे पहले, श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी, ने दीप प्रज्वलित कर ‘मेधावी छात्र सम्मान समारोह’ का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में श्रीमती जोशी ने सी.एम.एस. छात्रों का अभूतपूर्व सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि सी.एम.एस. छात्रों की यह उपलब्धि लखनऊ के लिए गौरव की बात है। सी.एम.एस. के मेधावी छात्रों ने लखनऊ का नाम पूरे देश में रोशन किया है। मेधावी छात्र सम्मान समारोह में आई.एस.सी. (कक्षा-12) की बोर्ड परीक्षा नेशनल मेरिट लिस्ट में प्रथम, द्वितीय व तृतीय – तीनों स्थानों पर चयनित होकर कीर्तिमान स्थापित करने वाले सिटी मोन्टेसरी स्कूल के 14 छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिसमें 99.50 प्रतिशत अंको के साथ सम्पूर्ण देश में टॉप करने वाले तीन छात्रों सी.एम.एस. महानगर कैम्पस की राधिका चन्द्रा व समन वहीद एवं सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस के साक्षी प्रद्युम्न शामिल हैं। इसके उपरान्त, 99.25 प्रतिशत अंकों के साथ नेशनल मेरिट सूची में द्वितीय स्थान अर्जित करने वाली छात्राओं – सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस की संजीवनी हाजरा एवं सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) की मानसी आचार्य एवं 99 प्रतिशत अंकों के साथ नेशनल मेरिट सूची में तृतीय स्थान अर्जित करने वाले 9 छात्रों – सी.एम.एस. महानगर कैम्पस की मुस्कान टंडन व इब्राहिम कमाल, सी.एम.एस. अलीगंज कैम्पस के शाश्वत कुमार, सी.एम.एस. गोमती नगर प्रथम कैम्पस के आशुतोष सिंघल व स्वस्ति आर्य, सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस के सौम्य शिखर मिश्रा व उत्कर्ष निगम, सी.एम.एस. चौक कैम्पस की भाग्यश्री एवं सी.एम.एस. आर.डी.एस.ओ. कैम्पस के श्रेष्ठ गुप्ता को विशेष रूप से पुरष्कृत कर सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) की बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में प्रथम, द्वितीय व तृतीय – तीनों स्थानों पर चयनित होकर कीर्तिमान स्थापित करने वाले विद्यालय के 5 छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इन छात्रों में सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) की श्रेया भगत ने 98.80 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश में प्रथम स्थान एवं सी.एम.एस. स्टेशन रोड कैम्पस की खुशी वर्मा ने 98.60 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में द्वितीय स्थान अर्जित किया है। इसके अलावा, सी.एम.एस. के तीन छात्रों – अलीगंज (प्रथम कैम्पस) की मीमांश रंजन व अनुष्का सिंह एवं सी.एम.एस. आर.डी.एस.ओ. कैम्पस की कोमल हसवानी ने 98.20 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश में तीसरा स्थान अर्जित कर कीर्तिमान स्थापित किया है।
इसके अलावा, आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) एवं आई.एस.सी. (कक्षा-12) की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से 99.50 प्रतिशत तक अंक अर्जित करने वाले सभी 2263 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के बाद आयोजित प्रेस कान्फ्रेन्स में सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने बताया कि इस वर्ष आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) एवं आई.एस.सी. (कक्षा-12) बोर्ड परीक्षाओं में सी.एम.एस. से कुल 5799 छात्र शामिल हुए जिसमें से 2263 छात्रों ने 90 प्रतिशत से लेकर 99.50 प्रतिशत तक अंक अर्जित किये हैं। इस प्रकार सी.एम.एस. के 39 प्रतिशत छात्रों अर्थात प्रत्येक 5 में से 2 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किये हैं जबकि 12 प्रतिशत छात्रों अर्थात 675 छात्रों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किये हैं। इसके अलावा, शेष छात्रों ने भी अत्यन्त उच्च अंको के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की है। डा. गाँधी ने बताया कि जहाँ तक आई.एस.सी. (कक्षा-12) के परीक्षा परिणामों की बात है तो इस वर्ष सी.एम.एस. से कुल 2682 छात्र आई.एस.सी. परीक्षा में बैठे, जिसमें से 1059 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किये हैं। इसी प्रकार, आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) की परीक्षा में सी.एम.एस. से कुल 3117 छात्र शामिल हुए, जिसमें से 1204 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किये हैं। पत्रकारों से बातचीत करते हुए सी.एम.एस. के आई.एस.सी. (कक्षा-12) के टॉपर छात्रों ने एक स्वर से कहा कि सी.एम.एस. की बदौलत ही आज हम इस मुकाम पर पहुंचे हैं। अपनी सफलता का राज बताते हुए इन छात्रों ने एक स्वर से कहा कि हमारी सफलता के पीछे कठिन परिश्रम, शिक्षकों का मार्गदशन व माता-पिता का आशीर्वाद तो है ही, परन्तु इसके अलावा हमारे विद्यालय का शान्तिपूर्ण व ईश्वरमय वातावरण व संस्थापक-प्रबन्धक डा. जगदीश गाँधी का प्रेरक मार्गदर्शन है जो हमें सदैव जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने को प्रेरित करते हैं।

Related Articles

Back to top button