टॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराष्ट्रीय

भाजपा में जल्द शामिल होंगी बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल

नई दिल्ली : मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल जल्द ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाली हैं। बैडमिंटन जगत में भारत का नाम रोशन करनी वाली साइना नेहवाल अब अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करने जा रही हैं। साइना नेहवाल बुधवार को भारतीय जनता पार्टी भाजपा में शामिल हो जाएंगी। गौरतलब है कि 29 साल की साइना नेहवाल से पहले रेसलर योगेश्वर दत्त और बबीता फोगाट भी भाजपा में शामिल हुए थे। वहीं, भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी गौतम गंभीर भी भाजपा में शामिल हुए थे, वे अभी पूर्वा दिल्ली से सांसद हैं। देश की स्टार शटलर साइना नेहवाल को भाजपा दफ्तर में पार्टी की सदस्यता दिलाने की तैयारी शुरू हो गई है। बता दें कि पिछले साल साइना नेहवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला सशक्तिकरण की दिशा में चलाए अभियान की सराहना भी की थी। दिवाली के दौरान ‘भारत की लक्ष्मी’ नाम का अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया था, जिसकी नेहवाल ने सराहना करते हुए कहा था, ‘महिलाओं को सशक्त करने और उन्हें सम्मानित करने के अभियान के लिए प्रधानमंत्री मोदी का शुक्रिया।’

राजनीति में कदम रखने जा रही सायना नेहवाल पर एक फिल्म भी बन रही है। बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा बैडमिंटन स्टार नेहवाल की बायोपिक में नजर आएंगी। इस फिल्म के लिए परिणीति जमकर तैयारी भी कर रही हैं। गौरतलब है कि साइना नेहवाल बायोपिक में पहले श्रद्धा कपूर लीड रोल निभाने वाली थीं। श्रद्धा ने फ़िल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी थी। पिछले साल सितम्बर में श्रद्धा ने शूटिंग शुरू की थी, मगर डेंगू होने की वजह से शूटिंग रुक गयी। इसके बाद श्रद्धा फिल्म के लिए नहीं लौटीं।

Related Articles

Back to top button