उत्तर प्रदेश

भाजपा विधायक संगीत सोम के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हैंड ग्रेनेड से हमला

मेरठ : भारतीय जनता पार्टी के विधायक संगीत सोम के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हैंड ग्रेनेड से हमला किया। घटना बुधवार रात करीब एक बजे की है। हमले के वक्त विधायक संगीत सोम कैंट क्षेत्र स्थित अपने निवास में सो रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हैं।

मेरठ के सरधना विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के विधायक संगीत सोम के घर बुधवार आधी रात को हमला हुआ। बंदूकधारी 4-5 बदमाशों ने संगीत सोम के कैंट स्थित निवास पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और जाते-जाते हैंड ग्रेनेड से भी हमला किया, लेकिन गनीमत रही कि ग्रेनेड फटा नहीं। घटना बुधवार रात करीब एक बजे की है। हमले के वक्त विधायक संगीत सोम कैंट क्षेत्र स्थित अपने निवास में सो रहे थे। गेट पर गार्ड भी तैनात था। गार्ड के मुताबिक, एक स्विफ्ट कार गेट पर रुकी। काले कपड़े में एक हथियारबंद युवक उतरा और उसने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसके बाद गार्ड ने जैसे ही उसे ललकारा, कार सवार आवास पर ग्रेनेड फेंककर फरार हो गए। ग्रेनेड आवास पर खड़ी कार के नीचे जा गिरा।गनीमत रही कि ग्रेनेड फटा नहीं। मेरठ के एसएसपी ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड ने जानकारी दी है कि रात 12.45 बजे हमला हुआ। हमें मौके से गोलियों के खोखे मिले हैं और फॉरेंसिक टीम इसकी जांच कर रही है। घटनास्थल से एक हैंड ग्रेनेड भी मिला है, जो किसी कारणवश फट नहीं पाया। हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, गार्ड के केबिन और मेन गेट को निशाना बनाकर फायरिंग की गई। हम सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रहे हैं।वहीं, संगीत सोम ने बताया कि मुझे कोई धमकी नहीं मिली थी, लेकिन हां, दो साल पहले एक कॉल आई थी, जिसमें ग्रेनेड से मारने की धमकी दी गई थी। फिलहाल, मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। भाजपा विधायक के आवास पर हमले के बाद इलाके में हड़कंप का माहौल है।

Related Articles

Back to top button