दिल्लीराष्ट्रीय

भारत बनेगा सपनों का देश, एकजुट होकर आगे बढ़ने का किया आह्वान: उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू

नायडू ने अपने संदेश में कहा, “सरदार पटेल ने आज़ाद भारत के सर्वाधिक चुनौती भरे समय में 565 रियासतों का एकीकरण कर इन्हें अखंड भारत का हिस्सा बनाया। हमारे देश की एकता और अखंडता को बरकरार रखने की दिशा में यह आधुनिक इतिहास की अप्रतिम उपलब्धि थी।”

नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने देश के पूर्व गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धाजंली अर्पित करते हुए देशवासियों से उनके सपनों का भारत बनाने के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। नायडू ने अपने संदेश में कहा, “सरदार पटेल ने आज़ाद भारत के सर्वाधिक चुनौती भरे समय में 565 रियासतों का एकीकरण कर इन्हें अखंड भारत का हिस्सा बनाया। हमारे देश की एकता और अखंडता को बरकरार रखने की दिशा में यह आधुनिक इतिहास की अप्रतिम उपलब्धि थी।” नायडू ने कहा कि देश को सरदार पटेल के जीवन को अनुकरणीय मानते हुए उसका पालन करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से सरदार पटेल के बताए मार्ग पर चलने की अपील करते हुए कहा, “सरदार पटेल ने हम सभी को मिलजुल कर देश की सेवा कर समग्र राष्ट्र को प्रगति के मार्ग पर ले जाने के लिए प्रेरित किया है।

इसका अनुसरण करना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।” उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का स्पष्ट संदेश था “धर्म, जाति, संप्रदाय और क्षेत्र से ऊपर उठकर भारत एक देश है, हम एक व्यक्ति हैं इसलिए हम एक राष्ट्र हैं।” उपराष्ट्रपति ने गुजरात के सरदार सरोवर बांध पर सरदार पटेल की प्रतिमा बनाए जाने पर ख़ुशी ज़ाहिर करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गुजरात सरकार के सहयोग से “स्टैच्यू ऑफ़ यूनिटी” के निर्माण की पहल सराहनीय है। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा है। नायडू ने कहा “मुझे पूरा विश्वास है कि यह एक ऐतिहासिक पर्यटन एवं प्रेरणास्थल बनेगा। जिससे सरदार पटेल को याद करने और उनके जीवन से प्रेरणा लेने के लिये दुनिया भर के लोग यहां आएंगे।”

Related Articles

Back to top button