
रायपुर: महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच तेज कर दी है। शुक्रवार सुबह जांच एजेंसी की करीब छह सदस्यीय टीम ने रायपुर की समता कॉलोनी में आरोपित मोहित सोमानी के घर छापा मारा। टीम करीब एक घंटे तक मकान में जांच-पड़ताल करने के बाद वहां से लौट गई। हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान कौन से दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
जांच में मोहित सोमानी का नाम महादेव सट्टा सिंडिकेट के ऑपरेटर के तौर पर सामने आया था। आरोप है कि वह महादेव 364 पैनल संचालित करता था। सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को भारत लाए जाने और उससे पूछताछ के बाद रायपुर में हुई इस कार्रवाई को जांच की अहम कड़ी माना जा रहा है।
कोलकाता के न्यू टाउन से हुई थी गिरफ्तारी
मोहित सोमानी को नवंबर 2024 में रायपुर पुलिस ने कोलकाता के न्यू टाउन इलाके से गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान उसका संबंध महादेव सट्टा नेटवर्क से सामने आया था। आरोप है कि वह पैनल के जरिए अवैध ऑनलाइन सट्टे का कारोबार चलाता था। फिलहाल उसके रायगढ़ जेल में बंद होने की जानकारी है।
इसी बीच शुक्रवार को CBI की टीम उसके समता कॉलोनी स्थित घर पहुंची और तलाशी ली। जांच एजेंसी की ओर से अब तक इस कार्रवाई में मिले किसी दस्तावेज या अन्य साक्ष्य को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद जांच एजेंसी सक्रिय
महादेव सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के बाद CBI ने उससे पूछताछ की थी। आठ दिन की CBI कस्टडी पूरी होने पर 12 नवंबर को रायपुर की विशेष CBI अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
इसके बाद जांच एजेंसी ने सिंडिकेट से जुड़े दूसरे आरोपितों और उनके ठिकानों की पड़ताल तेज कर दी है। समता कॉलोनी में मोहित सोमानी के घर हुई छापेमारी को इसी कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है।
ED ने भी सौरभ चंद्राकर को किया कोर्ट में पेश
सौरभ चंद्राकर के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की मनी लॉन्ड्रिंग जांच भी जारी है। ED ने अपने मामले में पूछताछ के लिए उसे अदालत के सामने पेश कराने के वास्ते प्रोडक्शन वारंट हासिल किया था। शुक्रवार सुबह उसे पीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया, जहां एजेंसी ने उसकी कस्टोडियल रिमांड मांगी है। इस पर देर शाम तक फैसला आने की संभावना जताई गई है।
CBI और ED की समानांतर जांच से महादेव सट्टा नेटवर्क के आर्थिक लेन-देन और इससे जुड़े अन्य ऑपरेटरों की भूमिका की पड़ताल आगे बढ़ने की उम्मीद है।



