अन्तर्राष्ट्रीयउत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंगराजनीतिराज्यराष्ट्रीय

मोदी-पुतिन ने की डिनर पर चर्चा, S-400 मिसाइल डिफेंस डील पर आज हो सकता है, करार

नई दिल्ली : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत पहुंच गए हैं| पुतिन के इस दौरे से भारत को वो ताकत मिलने वाली है, जिससे उसका कद वैश्विक पटल पर और ऊंचा होगा| पुतिन के इस दौरे को अमेरिका भी टकटकी लगाए देख रहा है| दरअसल रूस के जरिए भारत को S-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम मिलने की संभावना है| अमेरिका को भारत और रूस की यही दोस्ती रास नहीं आ रही| इधर पाकिस्तान की भी इस करार पर नजर है| पुतिन की भारत यात्रा से ठीक पहले अमेरिका ने अपने सहयोगी देशों को रूस के साथ किसी तरह के महत्वपूर्ण खरीद-फरोख्त समझौते की दिशा में बढ़ने से आगाह किया और संकेत दिया है कि ऐसे मामले में वह प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर सकता है| एयरपोर्ट से राष्ट्रपति पुतिन सीधे प्रधानमंत्री आवास पर पहुंचे जहां पीएम नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया| गौरतलब है कि स्वागत से ठीक पहले पीएम ने रूसी भाषा में ट्वीट करते हुए पुतिन का स्वागत किया| पुतिन भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वार्षिक भारत-रूस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे| दोनों नेता ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंध के मद्देनजर कच्चे तेल की स्थिति समेत विभिन्न द्विपक्षीय, क्षेत्रीय एवं अंतराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा कर सकते हैं| 19वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेता रूसी रक्षा कंपनियों पर अमेरिकी प्रतिबंध की पृष्ठभूमि में द्विपक्षीय रक्षा संबंधों की भी समीक्षा कर सकते हैं| रूस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक पुतिन की इस यात्रा में सबसे बड़ी बात S-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम पर करार है| यह करार पांच अरब डॉलर यानि तकरीबन 37 हजार करोड़ रुपये से भी ज्यादा का है| पुतिन 19वीं भारत-रूस द्विपक्षीय शिखर वार्ता के लिए चार और पांच अक्टूबर को भारत में रहेंगे| विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति पुतिन प्रधानमंत्री मोदी के साथ आधिकारिक वार्ता करेंगे| पुतिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी मुलाकात करेंगे| विदेश मंत्रालय के अनुसार रूसी राष्ट्रपति गुरुवार शाम को ही प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे| मोदी एवं पुतिन शुक्रवार को भारत रूस शिखर वार्ता करेंगे| इसके बाद समझौतों का आदान-प्रदान होगा| इसके बाद दोनों नेता साझा बयान जारी करेंगे| मंत्रालय के अनुसार शुक्रवार को ही पुतिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेंगे|

Related Articles

Back to top button