अन्तर्राष्ट्रीय

रासायनिक हथियारों के उपयोगकर्ता जवाबदेह ठहराए जाएं : बान

baanसंयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने सीरिया में रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल करने वालों को जवाबदेह ठहराए जाने की मांग की है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक  उन्होंने यह मांग संयुक्त राष्ट्र की जांच एजेंसी द्वारा सीरिया में कई बार विद्रोहियों एवं सैनिकों को निशाना बना कर किए गए हमले की पुष्टि किए जाने बाद की। संयुक्त राष्ट्र महासभा में शुक्रवार को अंतिम रिपोर्ट पेश करने के दौरान बान ने कहा  ‘‘भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और रासायनिक हथियारों को भविष्य में युद्ध के हथियार के रूप में इस्तेमाल न करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की नैतिक और राजनीतिक जिम्मेदारी है कि वह दोषियों को जवाबदेह ठहराए।’’ बान ने कहा  ‘‘हम रासायनिक हथियार संकल्प से जुड़े उद्देश्य को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। मैं इस पर हस्ताक्षर न करने वाले सभी देशों से इसे बिना किसी देरी के अपनाने और स्वीकारने की मांग करता हूं।’’ जांच दल ने हालांकि किसी भी पक्ष का नाम स्पष्ट नहीं किया है। सीरिया सरकार ने देश में रासायनिक हथियारों के होने की बात स्वीकार की और रासायनिक हथियार संकल्प से समझौता करते हुए इसे नष्ट करने का वादा किया। संयुक्त राष्ट्र की नवगठित संस्था ऑर्गनाइजेशन फॉर द प्रोहिबिशन ऑफ केमिकल वेपन्स (ओपीसीडब्ल्यू) सीरिया में रासायनिक हथियारों के उत्पादन केंद्रों और भंडारों को नष्ट किए जाने के कार्य की निगरानी कर रहा है। बान ने कहा  ‘‘मैं मानवजाति के सर्वमान्य मूल्यों के खिलाफ सीरिया में हुए रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं।’’

Related Articles

Back to top button