अद्धयात्म

विष्णु पुत्रों के संहार के लिए शिव ने लिया था वृषभ अवतार

shiv-angryनई दिल्ली. महादेव के क्रोध से आज तक कोई नहीं बच पाया है। और जब बात उनके अवतार लेने की हो तो उसके पीछे जरूर कोई बड़ा कारण होता है। धर्म ग्रंथो के अनुसार भगवान शिव के 19 अवतार हुए थे, इनमें से एक था वृषभ अवतार। ये अवतार भगवान शिव ने विष्णु पुत्रों के संहार के लिए लिया था। लेकिन विष्णु पुत्रों का संहार, चौंकने वाली बात है। आखिर शिव को क्यूं करना पड़ा विष्णु पुत्रों का संहार आइए जानते हैं- समुद्र मंथन के बाद दैत्यों की नजर से बचाने के लिए श्री हरि विष्णु ने अपनी माया से बहुत सारी अप्सराओं की सर्जना की। दैत्य अप्सराओं को देखते ही उन पर मोहित हो गए और उन्हें जबरन उठाकर पाताल लोक ले गए।

उन्हें वहां बंदी बना कर अमृत कलश को पाने के लिए वापिस आए तो समस्त देव अमृत का सेवन कर चुके थे। जब दैत्यों को इस घटना का पता चला तो उन्होंने पुन: देवताओं पर चढ़ाई कर दी। लेकिन अमृत पीने से देवता अजर-अमर हो चुके थे। अत: दैत्यों को हार का सामना करना पड़ा।

स्वयं को सुरक्षित करने के लिए वह पाताल की ओर भागने लगे। दैत्यों के संहार की मंशा लिए हुए श्री हरि विष्णु उनके पीछे-पीछे पाताल जा पहुंचे और वहां समस्त दैत्यों का विनाश कर दिया। दैत्यों का नाश होते ही अप्सराएं मुक्त हो गई। जब उन्होंने मनमोहिनी मूर्त वाले श्री हरि विष्णु को देखा तो वे उन पर आसक्त हो गई और उन्होंने भगवान शिव से श्री हरि विष्णु को उनका स्वामी बन जाने का वरदान मांगा।

अपने भक्तों की इच्छा पूरी करने के लिए भगवान शिव सदैव तत्पर रहते हैं अत: उन्होंने अपनी माया से श्री हरि विष्णु को अपने सभी धर्मों व कर्तव्यों को भूल अप्सराओं के साथ पाताल लोक में रहने के लिए कहा। श्री हरि विष्णु पाताल लोक में निवास करने लगे। उन्हें अप्सराओं से कुछ पुत्रों की प्राप्ति भी हुई लेकिन वह पुत्र राक्षसी प्रवृति के थे। अपनी क्रूरता के बल पर श्री हरि विष्णु के इन पुत्रों ने तीनों लोकों में कोहराम मचा दिया।

उनके अत्याचारों से परेशान होकर सभी देवताओं ने भगवान शिव के पास जाकर उनसे श्री हरि के पुत्रों का संहार करने की प्रार्थना की। देवताओं को विष्णु पुत्रों के आतंक से मुक्त करवाने के लिए भगवान शिव एक बैल यानि कि ‘वृषभ’ के रूप में पाताल लोक पहुंचे और वहां जाकर भगवान विष्णु के सभी पुत्रों का संहार कर डाला। 

Related Articles

Back to top button