फीचर्डराष्ट्रीय

संगठन को चुस्त-दुरुस्त करेगी आप

kejriwal newनई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि पार्टी को आने वाले दिनों में सांगठनिक रूप से चुस्त-दुरुस्त बनाया जाएगा। ‘मिशन विस्तार’ के तहत पार्टी में कुछ और लोगों को शामिल किया जाएगा। तीन दिनों तक चली पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद केजरीवाल ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा ‘‘पीएसी (राजनीतिक मामलों की समिति) के ‘मिशन विस्तार’ के तहत आने वाले दिनों में पार्टी में नए सदस्यों को भी शामिल किया जाएगा।’’ पीएसी आप की शीर्ष नीति निर्धारण निकाय है। दक्षिणी दिल्ली में पार्टी के नेता प्रशांत भूषण के आवास पर 6 से 8 जून तक चली बैठक में केजरीवाल मनीष सिसौदिया योगेंद्र यादव आशुतोष और अंजलि दमानिया सहित करीब 4० सदस्यों ने हिस्सा लिया। केजरीवाल ने कहा ‘‘‘मिशन विस्तार के तहत ब्लॉक स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक सभी इकाइयों का पुनर्गठन किया जाएगा और सदस्यता बढ़ाई जाएगी।’’ उन्होंने बताया कि पुनर्गठन का कार्य बेंगलुरू के पार्टी सदस्य पृथ्वी रेड्डी की अध्यक्षता वाली 1० सदस्यीय समिति देखेगी। केजरीवाल जल्द ही पश्चिम बंगाल जाएंगे जहां पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया है और तीन कार्यकर्ताओं को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। बैठक से इतर उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता बंगाल में भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे तभी उन पर हमला किया गया। दरअसल भाजपा ने यह प्रचारित कर दिया कि आप की बंगाल इकाई का भाजपा में विलय हो गया है। इसी के विरोध में आप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। केजरीवाल ने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी और निखरेगी पार्टी जनसरोकार के मुद्दे उठाती रहेगी और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। पार्टी महज सत्ता पाने के लिए नहीं देश की व्यवस्था बदलने के लिए बनी है। भ्रष्टों को एक दिन हाशिए पर जाना ही होगा और जो लोग हाशिए पर हैं वे मुख्यधारा में आएंगे।

Related Articles

Back to top button