अजब-गजबफीचर्डलखनऊ

संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में योग प्रदर्शन करने वाले छात्रों से मेयर ने की मुलाकात


लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल के 64 सदस्यीय छात्र दल से आज सी.एम.एस. गोगती नगर ऑडिटोरियम में मुलाकात करते हुए लखनऊ की मेयर संयुक्ता भाटिया ने अपना आशीर्वाद दिया और विदेश में देश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दी। सी.एम.एस. का यह 64 सदस्यीय दल आगामी 21 जून को चतुर्थ अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर न्यूयार्क स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में योग प्रदर्शन करेगा एवं देश की सांस्कृतिक विरासत को सारे विश्व में प्रचारित-प्रवाहित करेगा। न्यूयार्क रवाना होने से पूर्व मेयर संयुक्ता भाटिया की शुभकामनाएं व आशीर्वाद प्राप्त कर सी.एम.एस. छात्र व शिक्षक खुशी से अभिभूत दिखे। इस अवसर पर सी.एम.एस. छात्रों ने मेयर भाटिया के सम्मुख योग प्रदर्शन भी किया। इससे पहले, सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) की प्रधानाचार्या आभा अनन्त ने मेयर संयुक्ता भाटिया का हार्दिक स्वागत अभिनन्दन किया।
इस अवसर पर सी.एम.एस. छात्रों को सम्बोधित करते हुए मेयर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में देश की साँस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करना गौरव की बात है। मैं उम्मीद करती हूँ कि सी.एम.एस. छात्रों की इस मुहिम से अन्य छात्रों में योग के प्रति लगाव बढ़ेगा, वे अपने स्वास्थ्य के प्रति तत्पर होंगे साथ ही विश्व समुदाय में योग का महत्व बढ़ेगा। श्रीमती भाटिया ने विश्वास व्यक्त किया कि सी.एम.एस. छात्रों की यह यात्रा वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को सारे विश्व में पहुँचायेगी। इससे पहले, सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने सी.एम.एस. छात्र दल को समय देने के लिए मेयर संयुक्ता भाटिया का हार्दिक आभार व्यक्त जताया। डा. जगदीश गाँधी ने कहा कि आप द्वारा बच्चों को दिया गया यह अमूल्य समय निश्चित ही बच्चों के जीवन का एक यादगार पल साबित होगा जो सदैव उनका मार्गदर्शन करता रहेगा।
सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरिओम शर्मा ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की घोषणा के समय से ही सी.एम.एस. छात्र प्रतिवर्ष संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में योग प्रदर्शन कर देश की साँस्कृतिक विरासत को पूरे विश्व में प्रवाहित कर रहे हैं। सी.एम.एस. छात्रों के इस प्रयास को पूरे देश में सराहा गया है। विगत वर्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सी.एम.एस. छात्र दल को अपना आशीर्वाद दिया था। श्री शर्मा ने बताया कि अमेरिका की इस शैक्षिक यात्रा के दौरान सी.एम.एस. छात्र दल संयुक्त राष्ट्र संघ में योग प्रदर्शन के अलावा अमेरिका एवं कनाडा का शैक्षिक भ्रमण करेगा एवं विभिन्न दर्शनीय स्थलों व ऐतिहासिक स्मारकों को देखने जायेगा जिनमें व्हाइट हाउस, रेडक्रास मुख्यालय, वाशिंगटन डीसी, जॉन एफ कैनेडी स्पेस सेन्टर आदि प्रमुख हैं। सी.एम.एस. छात्र दल 10 जून को अमेरिका रवाना होगा।

Related Articles

Back to top button