लखनऊ

सी.एम.एस. छात्र ने प्रोग्रामिंग लैंग्वेज ‘स्विफ्ट’ पर किताब लिखकर बौद्धिक प्रतिभा एवं कम्प्यूटर ज्ञान का परचम लहराया

लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, कानपुर रोड कैम्पस के कक्षा-11 के मेधावी छात्र सैयद अली अहमद ने प्रोग्रामिंग लैंग्वेज पर आधारित पुस्तक ‘हैलो वर्ल्ड! एन इन्ट्रोडक्शन इन प्रोग्रामिंग इन स्विफ्ट’ लिखकर अपनी बौद्धिक क्षमता एवं कम्प्यूटर ज्ञान का परचम लहराया है। सैयद अली अहमद की यह किताब अमेजन डाट कॉम पर उपलब्ध है।
सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. के मेधावी छात्र को कम उम्र में ही कम्प्यूटर ज्ञान पर महारत हासिल है और अभी तक कई सारे ऐप्स का निर्माण कर चुका है। इसके अलावा, सैयद अली अहमद के कम्प्यूटर ज्ञान को देखते हुए विश्व की प्रख्यात ‘एप्पल कंपनी’ ने आई.ओ.एस. आधारित ऐप के विकास एवं ट्रेनिंग के लिए बंगुलरू स्थित रिसर्च एण्ड डेवलपमेन्ट हेडक्वार्टर में आमन्त्रित किया था। सैयद अली अहमद द्वारा एन्ड्रायड डिवाइस के लिए विकसित ऐप ‘ओ प्लस लान्चर’ को अभूतपूर्व सफलता मिली है जिसके गूगल प्ले स्टोर पर मासिक 20,000 से अधिक सक्रिय यूजर्स हैं। सी.एम.एस. का यह मेधावी छात्र वर्तमान में उ.प्र. पुलिस के साथ साइबर क्राइम के क्षेत्र में सहयोग कर रहा है।
श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. छात्रों के दृष्टिकोण व्यापक बनाने व उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए सदैव प्रयासरत है और इसी कड़ी में उन्हें अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न विषयों में अपनी योग्यता को प्रदर्शित करने अवसर प्रदान करता है। इन्हीं प्रयासों के तहत सी.एम.एस. के शिक्षक छात्रों की प्रतिभा को पहचानकर उनका मार्गदर्शन करते हैं और उन्हें सदैव आगे बढ़ने को प्रोत्साहित करते हैं। इन्हीं प्रयासों का प्रतिफल है कि सी.एम.एस. छात्र न सिर्फ देश में अपितु विदेशों में भी अपनी प्रतिभा व ज्ञान का परचम लहरा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button