उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

सोम से मिलने जेल पहुंचे वरूण

varunलखनऊ,  उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर दंगे के आरोपी सरधना विधायक संगीत सोम से मिलने जेल पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद वरुण गांधी प्रदेश सरकार पर खूब बरसे। सपा सरकार पर मुस्लिम तुष्टीकरण का आरोप लगा उन्होंने कहा कि वह दंगे के आरोपी मौलाना का स्वागत व सम्मान करती है जबकि भाजपा विधायकों को जेल में डाल रासुका लगा रही है। बोले, सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कितनी भी क्रूरता कर लें भाजपा डरने वाली नहीं।
जालौन की अल्पवयस्क कारागार में विधायक से मुलाकात के बाद वरुण गांधी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर दंगे के बाद सपा सरकार ने मरहम-पट्टी की बजाय एक पक्षीय कार्रवाई कर आग में घी डालने का काम किया है। मुजफ्फरनगर दंगों के आरोपी मौलाना और मदरसा संचालक मौलाना नजीर को हवाई जहाज से बुलाकर सम्मान व स्वागत किया जा रहा है और भाजपा विधायकों को जेल में डाल रासुका लगाई जा रही है।
सपा सरकार की तुष्टीकरण की राजनीति से ही प्रदेश जल रहा है। चुनौती देने वाले लहजे में भाजपा महासचिव ने कहा कि बसपा सरकार की ज्यादती के खिलाफ भाजपा ने संघर्ष किया है और अब सपा सरकार की क्रूरता के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ता संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि देश में जहां भी लोगों पर जुल्म होंगे, वहां वह जाएंगे।

Related Articles

Back to top button