BREAKING NEWSLucknow News लखनऊ

केंद्रीय मंत्री डाॅ. हर्षवर्धन ने कहा-हर समस्या का समाधान दे सकते हैं वैज्ञानिक

लखनऊ : स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित चतुर्थ इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल का शुभारंभ आज केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने किया। उन्होंने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमतीनगर में चार दिनी साइंस फेस्टिवल में युवाओं को संबोधित किया। इसका औपचारिक उद्घाटन कल राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे।

इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल के युवा वैज्ञानिक सेमिनार का शुभारंभ करते हुए डॉ. हर्षवर्धन ने वैज्ञानिकों से सपने पैदा करने और उसे पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की हर समस्या पर वैज्ञानिक समाधान दे सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वैज्ञानिकों की क्षमता पर जबर्दस्त भरोसा है। उन्होंने कहा कि आप अपनी उर्जा को देश के लिए लगाएं। डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि बड़ा काम करने के लिए सपने होना चाहिये और उसे साकार करने के लिए जज्बा। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2022 तक एक नए भारत के निर्माण की संकल्पना पर काम कर रहे हैं। इसके लिए विजन 2022 तैयार किया जा रहा है। इस विजन के आधार पर ही आने वाले दिनों में काम होगा। इसका मकसद देश के लोगों को खुशहाल और पीड़ामुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि हमको भरोसा है कि विज्ञान महोत्सव विजन 2022 का माध्यम बनेगा। इसमें लोगों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र हुए प्रत्येक अत्याधुनिक पहलू को नजदीक से जानने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि देश में इनोवेशन और स्टार्टअप को बढ़ावा दिया जा रहा है। विज्ञान महोत्सव में देशभर से चुने गए करीब 200 स्टार्टअप आएंगे।

Related Articles

Back to top button