हेली टैक्सी से सिर्फ 3 घंटे में देवभूमि के पांच मंदिरों के दर्शन

माचल के पांच विश्व विख्यात मंदिरों ज्वालाजी, नयनादेवी, चिंतपूर्णी सिद्धपीठ, हिमानी चामुंडा और ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ को हेली टैक्सी सेवा से जोड़ने की तैयारी चल रही है। देवभूमि हिमाचल के पांचों ऐतिहासिक मंदिरों को हेली टैक्सी सेवा से जोड़ने के लिए हिमानी चामुंडा में चौपर सेवा दे रही समिट एविएशन कंपनी के मुख्य समन्वयक जतिंद्र कौल ने बताया कि जल्द ही प्रदेश सरकार को लिखित प्रस्ताव सौंपा जाएगा।
कंपनी प्रस्ताव बनाने में लगी है। प्रस्ताव को हरी झंडी मिली तो दुनिया के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालु पांचों विश्व विख्यात मंदिरों के दर्शन दो से तीन घंटों के बीच कर पाएंगे। सरकार को लिखित प्रस्ताव देने से पहले कंपनी के अधिकारी मंदिरों में हेलीपैड बनाने के लिए स्थान भी चिन्हित कर रहे हैं।
चामुंडा देवी से आदि हिमानी चामुंडा के लिए हेली टैक्सी सेवा से दर्शन करवा रही है। एक यात्री से करीब 4,980 रुपये आने और जाने का किराया लिया जा रहा है। दो साल से कम बच्चे का किराया कंपनी नहीं ले रही है। चौपर में करीब छह यात्री उड़ान भरते हैं।
शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने बताया कि कंपनी के अधिकारियों ने सरकार को सूचना दी है। यह मामला सरकार के विचाराधीन है। कंपनी से प्रस्ताव मिलने के बाद इस पर कोई फैसला लिया जाएगा। मुझे उम्मीद है कि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने में कोई दिक्कत नहीं होगी।
