ब्रेकिंगस्पोर्ट्स

100 मैच जीतने वाली पहली टीम बनी मुंबई, चेन्नई को 37 रन से हराया, हार्दिक का ऑलराउंड प्रदर्शन

नई दिल्ली : आईपीएल 2019 के 15वें मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स को मुंबई इंडियंस ने 37 रन से हरा दिया। मुम्बई इंडियंस ने पांच विकेट पर 170 रन बनाये। वहीं चेन्नई सुपरकिंग्स आठ विकेट पर 133 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ मु्ंबई ने टूर्नामेंट में अपनी 100वीं जीत दर्ज कर ली। वह इस आंकड़े तक पहुंचने वाली पहली टीम बनी। उसके बाद चेन्नई ने 93 और कोलकाता नाइटराइडर्स ने 88 मुकाबले जीते हैं। मुंबई ने इस सीजन में चार मैच में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। वहीं, चेन्नई की इतने मैच में यह पहली हार है। चेन्नई के लिए केदार जाधव ने सर्वाधिक 58 रन बनाए। उनके अलावा टीम का कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर नहीं टिक सका। सुरेश रैना ने 16 और महेंद्र सिंह धोनी ने 12 रनों का योगदान दिया। ओपनर्स अंबाती रायडू शून्य और शेन वॉटसन पांच रन ही बना सके। मुंबई के लिए हार्दिक के अलावा लसिथ मलिंगा ने तीन और जेसन बेहरेनडॉर्फ ने दो विकेट लिए। मुंबई के लिए सूर्यकुमार यादव ने सर्वाधिक 59 रन बनाए। उन्होंने आईपीएल करियर का छठा अर्धशतक लगाया। सूर्यकुमार ने क्रुणाल पंड्या के साथ चौथे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की। क्रुणाल पंड्या ने 42 रन की पारी खेली। हार्दिक पंड्या 8 गेंद पर 25 रन बनाए। वहीं, कीरोन पोलार्ड ने सात गेंद पर 17 रन की पारी खेली। दोनों ने ड्वेन ब्रावो के आखिरी ओवर में 29 रन बनाए। इस ओवर में हार्दिक ने दो और पोलार्ड ने एक छक्का लगाया। दोनों ने 13 गेंद पर 45 रन की साझेदारी की। इससे पहले मुंबई को पहला झटका क्विंटन डीकॉक के रूप में लगा। दीपक चाहर (4 रन) ने उन्हें केदार जाधव के हाथों कैच आउट कराया। कप्तान रोहित शर्मा (13 रन) को जडेजा ने धोनी के हाथों कैच आउट कराया। युवराज सिंह (4 रन) को इमरान ताहिर ने आउट किया। 50 रन तक टीम के तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद क्रुणाल को मोहित शर्मा और सूर्यकुमार को ड्वेन ब्रावो ने आउट किया। इससे पहले चेन्नई ने टीम में एक बदलाव किया। बाएं हाथ के स्पिनर मिशेल सैंटनर की जगह दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को टीम में लिया। दूसरी ओर, मुंबई ने टीम में दो बदलाव किए। स्पिनर मयंक मार्कंडेय और तेज गेंदबाज मिशेल मैक्लेनाघन को टीम से बाहर किया।

Related Articles

Back to top button