स्पोर्ट्स

15 साल के वैभव सूर्यवंशी का बल्ले से विस्फोट, 25 गेंद में जड़ा तूफानी शतक; अब क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ने का ऐलान

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी लगातार अपने विस्फोटक प्रदर्शन से क्रिकेट जगत को हैरान कर रहे हैं। महज 15 साल की उम्र में बल्ले से कहर बरपा रहे वैभव ने अब प्लेऑफ से पहले ऐसा तूफानी शतक जड़ा है, जिसने इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर केविन पीटरसन को भी चौंका दिया।

राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर प्लेऑफ में जगह बनाई और इस सफलता में वैभव सूर्यवंशी की अहम भूमिका रही। टीम के प्लेऑफ में पहुंचने के बाद वैभव ने एक बार फिर अपने आक्रामक अंदाज से सुर्खियां बटोर ली हैं।

25 गेंदों में शतक, 14 छक्कों से मचाया धमाल

वैभव सूर्यवंशी ने एक खास चैलेंज के दौरान सिर्फ 25 गेंदों में शतक जड़ दिया। इस विस्फोटक पारी में उन्होंने 14 छक्के लगाए और मैदान पर चौकों-छक्कों की बारिश कर दी।

दरअसल, प्लेऑफ से पहले वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन के शो ‘द स्विच’ में नजर आए। इस दौरान उन्हें एक खास बल्लेबाजी चैलेंज दिया गया, जिसमें उन्हें बॉलिंग मशीन का सामना करते हुए तेजी से रन बनाने थे।

इस चैलेंज की सबसे खास बात यह थी कि हर गेंद के साथ गेंदबाजी की रफ्तार एक मील प्रति घंटे बढ़ती जा रही थी। इसके बावजूद वैभव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 25 गेंदों में शतक पूरा कर लिया।

श्रेयस अय्यर का रिकॉर्ड बच गया

हालांकि वैभव सूर्यवंशी तूफानी शतक लगाने में सफल रहे, लेकिन वह इस शो का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए। यह रिकॉर्ड अभी भी श्रेयस अय्यर के नाम दर्ज है, जिन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में शतक जड़ने का कारनामा किया था।

वैभव की बल्लेबाजी देखकर केविन पीटरसन भी काफी प्रभावित नजर आए और उन्होंने युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ की।

क्रिस गेल का महारिकॉर्ड तोड़ने का सपना

चैलेंज के दौरान केविन पीटरसन ने वैभव सूर्यवंशी से उनके सबसे बड़े लक्ष्य के बारे में पूछा। इस पर युवा बल्लेबाज ने साफ कहा कि वह टी20 क्रिकेट में 200 रन की पारी खेलना चाहते हैं।

जब केविन पीटरसन ने उन्हें याद दिलाया कि टी20 क्रिकेट में क्रिस गेल के नाम 175 रन की ऐतिहासिक पारी का रिकॉर्ड दर्ज है, तो वैभव ने बेखौफ अंदाज में जवाब दिया कि वह उस रिकॉर्ड को तोड़ना चाहते हैं और 200 रन बनाना चाहते हैं।

राजस्थान रॉयल्स के लिए बने एक्स फैक्टर

आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी राजस्थान रॉयल्स के लिए एक्स फैक्टर साबित हुए हैं। कम उम्र में उनका आक्रामक खेल और बड़े मंच पर आत्मविश्वास क्रिकेट विशेषज्ञों को भी प्रभावित कर रहा है।

अब प्लेऑफ मुकाबलों में भी फैंस की नजरें इस युवा बल्लेबाज पर टिकी रहेंगी, जो हर मैच में नए रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।

Related Articles

Back to top button