ज्ञान भंडार

26 हजार कार्यकर्ताओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया: सीएम

भिवानी : राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह में काम कर रही महिलाओं के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में हजारों महिलाओं के बीच मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्वयं सहायता समूहों के ऋण का ब्याज सरकार द्वारा जमा करने की घोषणा की, वहीं पंचायत मंत्री ओमप्रकाश धनखड ने स्वयं सहायता समूह के उत्पाद के लिए बाजार में नया ब्रांड लाने की घोषणा की। ब्रांड के आने से बाजार में स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद और अधिक लोकप्रिय होगें। इस ब्रांड की प्रमोशन ग्रामीण विकास विभाग द्वारा की जाएगी। स्थानीय भीम स्टेडियम में तीन दिवसीय हरियाणा स्वर्ण जयंती समारोह का शुभारम्भ करने के पश्चात प्रदेश भर से आई स्वयं सहायता समूह की हजारों महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि गांवों में काम करने वालें स्वयं सहायता समूहों के बैंक ऋण का ब्याज अब सरकार चुकाएगी। यह ब्याज सरकार तब तक भरेगी, जब तक कि समूह की प्रति सदस्य आय एक लाख रूपए सालाना नहीं हो जाती। स्वयं सहायता समूह के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में पंचायत एवं विकास मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि इन समूहों द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों को लोकप्रिय बनाने के लिए हरियाणा में नया ब्रांड पंजीकृत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए संकल्प से सिद्धि की ओर सूत्र का अनुकरण करते हुए सामाजिक आर्थिक विकास को गति प्रदान करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने उपस्थित महिला सदस्योंं को वर्ष 2022 तक एक नए भारत का निर्माण करते हुए गरीबी दूर करने, स्वच्छता, भ्रष्टाचार व आतंकवाद से मुक्त वातावरण बनाने, संप्रदायवाद, जातिवाद को दूर करते हुए हर गांव में स्वयं सहायता समूह बनाने और हर युवा को कौशल प्रदान करने का संकल्प करवाया। मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि महिला कार्यकर्ता तन और मन से इस संकल्प को पूरा करें। उन्होंने कहा कि दीन दयाल ग्रामीण कौशल विकास योजना के तहत स्वयं सहायता समूह की 26 हजार कार्यकर्ताओं को व्यवसायिक प्रशिक्षण दिया गया है। सरकार का प्रयास है कि अगले दो वर्षों में प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की संख्या एक लाख पहुंच जाएं। इस मौके पर जन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल, सांसद धर्मबीर सिंह, भिवानी के विधायक घनश्यामदास सर्राफ, बवानीखेड़ा के विधायक बिशम्भर बाल्मिकी, बाढड़ा के विधायक सुखविंद्र सिंह, पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन ऋषिप्रकाश शर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी दलाल, भाजपा जिला अध्यक्ष नंदराम धानिया, नगराधीश महेश कुमार सहित अनेक अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button