
पंजाब : कनाडा से पंजाबी संगीत और फिल्म जगत से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता एमी विर्क की कार पर फायरिंग की गई है। बताया जा रहा है कि एक शो खत्म होने के बाद घर लौटते समय अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाया। यह घटना कनाडा के एबट्सफोर्ड में हुई, जब एमी विर्क अपनी कार से वापस जा रहे थे।
शो के बाद कार पर बरसाईं गोलियां
सूत्रों के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 11 बजे शो खत्म होने के बाद एमी विर्क अपनी रोल्स रॉयस कार में सवार होकर वहां से निकले थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 7 गोलियां चलाईं, जिनमें से गोलियां कार पर लगीं।
कार के अंदर मौजूद थे एमी विर्क
फायरिंग के समय एमी विर्क कार के अंदर ही मौजूद थे। हालांकि, रोल्स रॉयस कार होने के कारण उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, गोलीबारी में कार के शीशे टूट गए हैं। घटना के बाद एमी विर्क के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने शुरू की जांच, हमलावरों की तलाश जारी
फायरिंग की सूचना मिलते ही कनाडा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि एमी विर्क की कार पर फायरिंग क्यों की गई और इस हमले के पीछे कौन लोग हैं। हमलावरों की पहचान को लेकर भी जांच जारी है।



