उत्तर प्रदेश

मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार कार बाइक से टकराई, महिलाओं समेत 8 गंभीर रूप से घायल

बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। मेरठ-करनाल हाईवे पर सराय गांव के पास बाइक से टकरा कर कार सड़क किनारे गन्ने के खेत में पलट गई। कार में सवार चालक और चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। बाइक सवार तीन युवक भी घायल हो गए। सभी घायलों को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया गया।

दिल्ली के त्रिलोकपुरी की रहने वाली पूनम (33) अपने जीजा सोनू (38) की कार में बीमार माता किरण (65) को लेकर चंडीगढ़ जा रही थी। पूनम की भाभी गीता (33) और ननद मीनो (45) भी उनके साथ थी। मंगलवार को सुबह करीब साढ़े आठ बजे मेरठ-करनाल हाईवे पर सराय गांव के पास उनकी कार के सामने अचानक बाइक सवार तीन युवक आ गए। दोनों वाहन टकरा गए। तेज गति होने के कारण अनियंत्रित होकर कार सड़क किनारे गन्ने के गहरे खेत में जाकर पलट गई। चालक सहित कार सवार सभी महिलाएं घायल हो गई। उधर, गांव हबीबपुर निवासी बाइक सवार तीन युवक विकास (45), अर्जुन (40) और बिट्टू (38) भी घायल हो गए।

घटना के बाद हाईवे पर आवागमन बंद हो गया। राहगीर अपने-अपने वाहनों से उतरकर घायलों को बचाने में जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को कस्बे की सीएचसी में भर्ती करवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में सभी घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। घटना की सूचना पुलिस ने घायलों के परिजनों को दी।

दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी पूनम ने बताया कि उसकी माता किरण का किडनी का ऑपरेशन होना था। वह अपनी माता को लेकर बहन और रिश्तेदारों के साथ चंडीगढ़ जा रही थी। उनकी कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। बीमार माता की हालत भी चोट लगने के कारण गंभीर है। बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में उनकी कार सड़क किनारे गिरकर पलट गई।

Related Articles

Back to top button