राज्य

जोहार योजना से बेराजगारी होगी दूर : रघुवर दास

रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि केंद्रीय सरना समिति के द्वारा सामूहिक विवाह का आयोजन सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि सभी 272 नव दंपत्तियों को मुख्यमंत्री विवेकानुदान से 11-11 हजार रुपये की राशि दी जायेगी। सरकार बेरोजगार नवयुवक-नवयुवतियों को रोजगार से जोड़ेने के लिए जल्द ही जोहार योजना की शुरुआत करने जा रही है। इसमें मुर्गीपालन के लिए चार लाख रुपये की सहायता राशि दी जायेगी। मुर्गी से प्राप्त अंडे सरकार खरीदेगी। उन्हें कहीं जाने की जरूरत नहीं होगी। वे आज केंद्रीय सरना समिति द्वारा खेलगांव में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में वर-वधु के आशीर्वाद देने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री दास ने कहा कि इस तरह के सामूहिक विवाह के आयोजन से गरीब भी अपने बच्चों की शादी पूरे विधि विधान के साथ कर सकेंगे। गरीब के सुख-दुख में साथ देनेवाला ही इंसान बड़ा होता है। हमें गरीबों के सुख दुख में शामिल होना चाहिये।
समाज हो या सरकार सकारात्मक पहल की सराहना की जानी चाहिये। समाज पुराने रूढिवादी परंपरा से बाहर आये, यह हर किसी का प्रयास होनी चाहिए। लोगों की भलाई हमारा लक्ष्य होना चाहिए। दुनिया तेजी से बदल रही है। हम नहीं बदले, तो काफी पीछे छूट जायेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को कौशल विकास से जोड़ा जा रहा है। उन्हें प्रशिक्षित कर रोजगार मुहैया कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। गरीबी समाप्त करना हमारा संकल्प है। गरीबी में पलने के कारण मैं भी गरीबों के दर्द समझता हूं। मेरे विवाह के लिए मेरी मां ने गहने गिरवी रखे थे। पिता ने पीएफ से लोन लिया था। पूरे विधि विधान से मेरा विवाह हुआ। मैं मां-बाप की पीड़ा समझता हूं। विवाह के बढ़ते खर्च को देखते हुए सामूहिक विवाह का आयोजन सराहनीय कदम है। हर गरीब मां-बाप सीना चौड़ाकर अपने बच्चे की शादी कर सकते हैं। श्री दास ने कहा कि गरीबों की भलाई के लिए सरकार हर संभव सहायता करने के लिए तैयार है। सरकार की किसी भी कर्मी से किसी को परेशानी हो तो 181 पर फोन कर शिकायत कर सकते हैं। समाज के युवा ही समाज को ताकतवर बना सकते हैं।
कार्यक्रम में रांची की मेयर श्रीमती आशा लकड़ा, झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ, केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष फूलचंद तिर्की, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू मुंडा, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के उपाध्यक्ष अशोक बड़ाईक समेत बड़ी संख्या में सरना समाज के लोग उपस्थित थे। रांची को बनाएं विश्व स्तरीय शहर : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने नगर विकास विभाग और रांची नगर निगम को निदेश दिया कि आपसी समन्वय बनाते हुये रांची नगर को विश्वस्तरीय शहर बनाने की दिशा में कार्य करें ताकि देश में आने वाला हर पर्यटक रांची जरूर आना चाहे। मुख्यमंत्री श्री दास ने कहा कि रांची एयरपोर्ट से बिरसा चौक तथा मोरहाबादी मैदान के लिये डीपीआर तैयार कर जुलाई के मध्य तक निविदा प्रकाषित करा ली जाय। उन्होंने यह स्पष्ट कहा कि पूरी योजना के दो चरण हों-एक 15 नवम्बर तक तथा दूसरी योजना 26 जनवरी 2018 तक पूर्ण करने का लक्ष्य हो। उन्होंने नगर निगम को यह निदेग् दिया कि पूरे शहर की साफ-सफाई ऐसी हो कि यह अन्य शहरों के लिये प्रेरणा बनें। बाहर से आने वाले यात्री एक अच्छी याद लेकर जाये। उन्होंने कहा कि व्यापार और रोजगार विकसित हो-बस सभी प्रतिष्ठानों को एक आकर्षक और भव्य पैटर्न दिया जाय।

Related Articles

Back to top button