अजब-गजबफीचर्डलखनऊ

संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में योग करने वाले सी.एम.एस. के 64 सदस्यीय छात्र दल से मुलाकात करेंगी मेयर संयुक्ता भाटिया

लखनऊ : मेयर संयुक्ता भाटिया 7 को सी.एम.एस. गोमती नगर ऑडिटोरियम में स्कूल के 64 सदस्यीय छात्र दल से मुलाकात कर आशीर्वाद देंगी। सी.एम.एस. का छात्र दल चतुर्थ अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस, 21 जून 2018 को न्यूयार्क स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ के मुख्यालय में आयोजित योग शिविर में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा तथापि योग प्रदर्शन कर देश की सांस्कृतिक विरासत को सारे विश्व में प्रचारित-प्रवाहित करेगा। इस अवसर पर संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने यह जानकारी दी है। श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. का यह छात्र दल विद्यालय के संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी के नेतृत्व में मेयर संयुक्ता भाटिया से मिलकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेगा। इस मुलाकात से छात्रों का उत्साहवर्धन होगा एवं एकता, शान्ति, सद्भाव एवं वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को विश्व के कोने-कोने में पहुंचाने हेतु तत्पर रहेंगे। श्री शर्मा ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की घोषणा के समय से ही सी.एम.एस. छात्र प्रतिवर्ष संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में योग प्रदर्शन कर देश की साँस्कृतिक विरासत को पूरे विश्व में प्रवाहित कर रहे हैं। सी.एम.एस. छात्रों के इस प्रयास को पूरे देश में सराहा गया है।
वहीँ बीते वर्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सी.एम.एस. छात्र दल को अपना आशीर्वाद दिया था। श्री शर्मा ने बताया कि अमेरिका की इस शैक्षिक यात्रा के दौरान सी.एम.एस. छात्र दल संयुक्त राष्ट्र संघ में योग प्रदर्शन के अलावा अमेरिका एवं कनाडा का शैक्षिक भ्रमण करेगा एवं विभिन्न दर्शनीय स्थलों व ऐतिहासिक स्मारकों को देखने जायेगा जिनमें व्हाइट हाउस, रेडक्रास मुख्यालय, वाशिंगटन डीसी, जॉन एफ कैनेडी स्पेस सेन्टर आदि प्रमुख हैं। सी.एम.एस. छात्र दल 10 जून को अमेरिका रवाना होगा।

Related Articles

Back to top button