लखनऊ

अखिल भारतीय स्तर पर सीएमएस छात्रा को चौथी रैंक, लखनऊ में टाॅपर


लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, राजेन्द्र नगर (तृतीय कैम्पस) की कक्षा-4 की मेधावी छात्रा तूलिका दत्ता ने ‘सेन्टर फाॅर एक्सीलेन्स (सी.ई.ई.)’ के तत्वावधान में आयोजित 10वीं आॅल इण्डिया मैथ्स-साइंस टैलेन्ट प्रतियोगिता में अखिल भारतीय स्तर पर चौथी रैंक तथा लखनऊ में प्रथम रैंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन हेतु सी.एम.एस. की इस मेधावी छात्रा को आयोजकों द्वारा मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं अन्य आकर्षक उपहारों से पुरष्कृत कर सम्मानित किया गया। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया तथापि सी.एम.एस. की इस प्रतिभाशाली छात्रा ने गणित एवं विज्ञान जैसे कठिन समझे जाने वाले विषयों में अपनी बौद्धिक प्रतिभा का परचम लहराया है एवं आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने का संकेत दिया है।

श्री शर्मा ने बताया कि वैज्ञानिक युग के महत्व को स्वीकारते हुए सी.एम.एस. अपने छात्रों का मानवतावादी वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं उनके विश्वव्यापी सोच विकसित करने हेतु संकल्पित है तथापि इन्हीं प्रयासों के अन्तर्गत सी.एम.एस. अपने छात्रों को विभिन्न राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग हेतु प्रेरित करता है एवं छात्रों की प्रतिभा को निखारने के लिए स्वयं भी अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन करता है। इन्हीं प्रयासों की बदौलत सी.एम.एस. छात्र विभिन्न शैक्षिक प्रतियोगिताओं में विद्यालय का गौरब बढ़ा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button