अन्तर्राष्ट्रीय

चीन ने समंदर पर ईजाद किया दुनिया का सबसे लम्बा पुल

नई दिल्ली: चीन समंदर पर बने दुनिया के सबसे लंबे पुल का उद्घाटन बुधवार को करेगा। यह 55 किलोमीटर लंबा है। हांगकांग-झुहाई एंड मकाऊ ब्रिज साउथ चाइना सी पर पर्ल रिवर डेल्टा के पूर्वी और पश्चिमी छोर को जोड़ेगा। झुहाई चीनी मैनलैंड पर बसा शहर है, जो अब हांगकांग और मकाऊ, दोनों स्पेशल एडमिनिस्ट्रेटिव रीजन से जुड़ जाएगा। इस पुल में डुअल थ्री लेन है, जो समुद्र के ऊपर 22.9 किलोमीटर है जबकि 6.7 किलोमीटर समुद्र के नीचे सुरंगनुमा शक्ल में है। इसकी गहराई 44 मीटर तक है। पुल का बाकी हिस्सा ज़मीन पर बना है। सुरंग के दोनों तरफ दो कृत्रिम द्वीप हैं। ये दोनों 10 लाख वर्ग फुट से ज्यादा इलाके में बने हैं। इस पर कुल 120 अरब युआन या 17.3 अरब डॉलर का खर्च आया है। बीबीसी के अनुसार समुद्र के नीचे जो सुरंग बनी है, वो 33 ब्लॉक से तैयार हुई है। इनमें से हरेक 38 मीटर चौड़ा, 11.4 मीटर ऊंचा और 80 हजार टन वजनी है। इस पुल में 4 लाख टन स्टील लगा है, जो रिक्टर पैमाने पर 8 की तीव्रता वाले भूकंप को भी आसानी से झेल सकता है। हांगकांग इंटरनेशनल एयरपोर्ट से झुहाई तक जाने में चार घंटे का वक़्त लगता है, जो अब घटकर 45 मिनट रह जाएगा। वहीं आलोचकों का कहना है कि इस पुल के जरिए चीन हांगकांग और मकाऊ पर अपने नियंत्रण का राजनीतिक संदेश देना चाहता है।

Related Articles

Back to top button