ब्रेकिंगराजनीतिराज्यराष्ट्रीय

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के भतीजे को सरेआम थप्पड़ मारने वाले भाजपा नेता की मौत, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को 2015 में पश्चिम बंगाल के एक कार्यक्रम के दौरान जिस शख्स ने थप्पड़ मारा था, उसकी रहस्यमय तरीके से मौत हो गई है। भाजपा से जुड़े देबाशीष आचार्य की मौत के बाद से परिजनों का आरोप है कि उनकी हत्या कराई गई है। गुरुवार की सुबह गंभीर रूप से घायल देवाशीष आचार्य को मिदनापुर के तमलुक जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के रिकॉर्ड में उन्हें कुछ अज्ञात लोगों द्वारा सुबह 4.10 बजे लाया गया। भर्ती कराने के बाद वे लोग जल्द वहां से निकल गए। देवाशीष की मौत दोपहर को हो गई। उनके परिवार को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने दावा किया कि देवाशीष की हत्या की गई है।

भाजपा नेताओं ने अब देवाशीष आचार्य की मौत पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। देवाशीष 2020 में भाजपा में शामिल हुए थे। पुलिस ने अपनी प्रारंभिक जांच में पाया कि देवाशीष आचार्य 16 जून की शाम अपने दो दोस्तों के साथ बाहर गए थे। वह एक चाय की दुकान पर भी रुके थे। यहां से वे अचानक गायब हो गए। गौरतलब है कि देबाशीष आचार्य 2015 में उस दौरान सुर्खियों में छा गए थे, जब उन्होंने एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान अभिषेक बनर्जी को पूरी जनसभा के सामने थप्पड़ मारा था। हालांकि, इसके बाद टीएमसी के समर्थकों ने उनकी जमकर पिटाई की थी। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।

Related Articles

Back to top button