स्पोर्ट्स

दो दिनों में भोजपुर में बाढ़ के पानी में आठ डूबे, छह का शव बरामद, दो बच्चे लापता

आरा: भोजपुर जिले में उफनती गंगा ने अपना रौद्र रूप धारण कर रखा है।यहां अब बाढ़ की विभीषिका में लोगों की जान भी जाने लगी है।भोजपुर के विभिन्न इलाकों में दो दिनों के भीतर बाढ़ के पानी में दो बच्चे सहित कुल आठ लोग डूब गए हैं। बाढ़ में डूबे आठ लोगो मे से छः लोगो के शव बरामद कर लिए गए है किंतु रविवार को दो लोगों का पता नहीं चल पाया है।लापता लोगो की खोजबीन की जा रही है।बाढ़ की त्रासदी के बीच ये घटनायें आरा मुफस्सिल,आरा नगर, उदवंतनगर, आयर, शाहपुर एवं बडहरा थाना क्षेत्रों में घटी है।

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शोभी डूमरा स्थित फोरलेन के पास बाढ़ के पानी में दो बच्चे डूब गये। इनमें शोभी डूमरा गांव निवासी शंभू प्रसाद का 12 वर्षीय पुत्र अजय कुमार और बजरंगी साह का 14 वर्षीय पुत्र शक्ति कुमार शामिल है। बताया जाता है कि दोनों बच्चे शनिवार को सड़क की तरफ गये थे। इसी बीच अजय कुमार का पैर फिसल गया और वह बाढ़ के पानी में डूबने लगा। बाढ़ में डूबते देख शक्ति उसे बचाने के लिये पानी में कूद पड़ा। बाढ़ का पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों बाढ़ के पानी में डूब गये। ग्रामीण और स्थानीय गोताखोर अपने स्तर से डूबे हुए दोनों बच्चों की खोजबीन में जूट गये हैं।एनडीआरएफ की टीम भी पहुंची है और डूबे हुए बच्चों की खोजबीन को लेकर लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। एनडीआरएफ की टीम को दोनों बच्चों को खोज निकालने में फिलहाल सफलता नही मिल सकी है।

उधर शहरी क्षेत्र से सटे आरा नगर थाना क्षेत्र के गौसगंज यदुवंशी नगर में बाढ़ के पानी में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई है। मृत बच्चा यदुवंशी नगर निवासी वीर बहादुर प्रसाद का पुत्र मोहित कुमार (7 साल) था। बताया जाता है कि मुहल्ले में घर के चारों ओर बाढ़ का पानी भरा हुआ है।मृतक बच्चों के साथ खेलने निकला था। खेलते-खेलते वह पानी की ओर चला गया और बाढ़ के पानी मे पैर फिसल जाने से वह पानी में डूब गया। बाढ़ के पानी मे डूबने के बाद उसकी मौत हो गई।साथ गए बच्चों के हल्ला मचाये जाने पर आसपास के लोग जुटे और बच्चे का शव निकाला जा सका। डूबने की सूचना मिलने पर बाद में पुलिस भी पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया।

आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भकुरा गांव में भी मवेशी का चारा लाने गया एक युवक बाढ़ के पानी में डूब गया और उसकी मौत हो गयी। मृत युवक भकुरा गांव निवासी बच्चा राम का 35 वर्षीय पुत्र उमेश राम था। गजराजगंज ओपी थाना क्षेत्र के कारीसाथ गांव में भी पानी में डूबने से एक बच्ची की मौत हो गयी है। मृत बच्ची कारीसाथ गांव निवासी संतोष राम की 5 वर्षीय पुत्री गौरी कुमारी थी। बच्ची शौच के लिए घर के बाहर गई थी कि उस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह बाढ़ के पानी में डूब गई। ग्रामीणों की मदद से उसके शव को पानी से बाहर निकाला गया। भोजपुर जिले के आयर थाना क्षेत्र के आयर गांव में भी आहर में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई है।मृत किशोर आयर गांव निवासी मनोहर रवानी का 12 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार था।

भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के सेमरिया ओझा पट्टी गांव में नदी में गिरने से एक युवक की मौत हो गई है।मृतक सेमरिया ओझा पट्टी गांव निवासी समहुत राम का 32 वर्षीय पुत्र राजू प्रसाद है। भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के महुदही गांव में भी बाढ़ के पानी में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई है। मृतक बड़हरा थाना क्षेत्र के महुदई गांव निवासी नंदन चौधरी का 12 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार चौधरी है।परिजनों ने बताया कि वह सुबह शौच करने के लिए जा रहा था कि उसका पैर फिसल गया और वह बाढ़ के पानी में डूब गया।

बता दें कि भोजपुर जिले में आई बाढ़ की तबाही का मंजर अब साफ दिखने लगा है।बाढ़ ने लोगो को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है।अब तक कई लोगों की डूबने से मौत हो गई है।

Related Articles

Back to top button