पंजाब

मुख्यमंत्री चन्नी के CM चेहरा बनने के बाद बोले पुत्र नवजीत, ‘सिद्धू के साथ हमारी कोई दौड़ नहीं’

चंडीगढ़: कांग्रेस हाईकमान की तरफ से चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री का चेहरा ऐलान किया गया है। चरणजीत सिंह चन्नी का नाम ऐलान होने के बाद चन्नी के परिवार ने कांग्रेस हाईकमान का धन्यवाद किया। पिता चरणजीत सिंह चन्नी के सी.एम. चेहरे का उम्मीदवार ऐलान होने पर उनके बेटे नवजीत ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू के साथ हमारी कोई दौड़ नहीं थी। हमारी दौड़ सिर्फ पंजाब को बचाने के लिए है, जिसमें हमारा साथ नवजोत सिंह सिद्धू भी देंगे। नवजीत सिंह ने खुद के राजनीति में आने के सवाल पर जवाब देते कहा कि वह अभी मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी की सेवा में लगे हुए हैं। वह बतौर एक वर्कर चरणजीत सिंह चन्नी के लिए काम कर रहे हैं और करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा परिवार समाज सेवा करता रहा है और अब हमें और मौका मिलेगा इस सेवा को आगे बढ़ाने का।

नवजीत सिंह ने कहा कि उन्हें विश्वास था कि कांग्रेस हाईकमान चरणजीत सिंह चन्नी को एक बार फिर से मौका देगी पर आखिर तक एक सस्पेंस जरूर बना रहा, जब तक राहुल गांधी ने नाम का ऐलान नहीं किया। नवजीत ने कहा कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का कार्यकाल देख कर लोगों ने मन बना लिया था और मांग कर रहे थे कि चरणजीत सिंह चन्नी मुख्यमंत्री चाहिए। नवजीत ने कहा कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की फैन फॉलोइंग पूरे देश में बन गई है, इसीलिए यू.पी. में उन्हें स्टार प्रचारक लगाया है।

Related Articles

Back to top button