स्पोर्ट्स

IPL नीलामी में इंग्लैंड के खिलाड़ियों की हुई छप्पर फाड़ कमाई

नई दिल्ली : कोच्चि में शुक्रवार को हुई आईपीएल 2023 की नीलामी में सभी 10 फ्रेंचाइजियों ने इंग्लैंड पर खिलाड़ियों पर खूब पैसा लुटाया। नीलामी के दौरान कुल 164.50 करोड़ रुपए खर्च हुए जिसमें 48 करोड़ तो 3 इंग्लिश खिलाड़ी ही ले गए। इस दौरान हरफनमौला सैम करन ने सर्वाधिक 18.50 करोड़ रुपए कमाए। इसी के साथ करन आईपीएल के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं, उन्होंने इस मामले में विराट कोहली और केएल राहुल जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को पछाड़ा है। मिनी ऑक्सन में इंग्लैंड 8 खिलाड़ी ही बिके जिसमें तीन खिलाड़ी मिलकर 48 करोड़ रुपए की कमाई कर गए।

इंग्लैंड के खिलाड़ियों में सबसे पहली मोटी बोली हैरी ब्रुक्स पर लगी। राजस्थान रॉयल्स और रॉयल्स चैलेंजर्स बैंगलोर ने इस खिलाड़ी पर बोली लगाने की शुरुआत की, जब नीलामी 5 करोड़ के पार पहुंची तो सनराइजर्स हैदराबाद की टीम कूद पड़ी। हैदराबाद ने तब तक बोली लगाई जब तक राजस्थान रॉयल्स का पर्स खाली नहीं हो गया। अंत में सनराइजर्स ने इस खिलाड़ी को 13.25 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया। ब्रुक्स इस नीलामी में 10 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाले पहले खिलाड़ी बने।

टी20 वर्ल्ड कप 2022 के मैन ऑफ द टूर्नामेंट रहे सैम करन पर नीलामी से पहले ही हर किसी टीम की निगाहें थी इस वजह से पंजाब किंग्स के अलावा मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर, राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स जैसी टीमों ने भी उनपर जमकर बोलियां लगाई। हालांकि अंत में 18.50 करोड़ रुपए की बोली लगाकर बाजी करन की पुरानी टीम पंजाब ने ही मारी।

सैम करन के बाद हर किसी की निगाहें बेन स्टोक्स पर थी। स्टोक्स किसी भी टीम में एक ऑलराउडर की कमी पूरी करने के साथ लीडरशिप का रोल भी अदा कर सकते हैं। 2 करोड़ के बेस प्राइज के साथ राजस्थान रॉयल्स ने इस खिलाड़ी की नीलामी का आगाज किया जिसके बाद आरसीबी, एलएसजी और एसआरएच ने भी अपने हाथ आजमाएं। जब नीलामी 15 करोड़ पर पहुंची तो सीएसके की एंट्री हुई और धोनी की टीम ने 16.25 करोड़ रुपए में इस हरफनमौला को अपनी टीम में शामिल किया। स्टोक्स की यह आईपीएल में अभी तक की सबसे मोटी कमाई है।

हैरी ब्रुक्स, सैम करन और बेन स्टोक्स ने मिलाकर इस नीलामी में कुल 48 करोड़ रुपए कमाए। इसके अलावा 5 और इंग्लिश खिलाड़ियों की करोड़ों रुपए की कमाई हुई। जो रूट को राजस्थान ने 1 करोड़ में खरीदा। वहीं फिल सॉल्ट को दिल्ली ने 2 करोड़ में अपनी टीम में शामिल किया। रीस टॉपली 1.9 करोड़ और विल जैक्स 3.2 करोड़ रुपए में आरसीबी में गए, वहीं आदिल रशिद को 2 करोड़ में हैदराबाद ने खरीदा। इंग्लैंड के कुल 8 खिलाड़ी इस नीलामी में बिके जिन्होंने कुल 58 करोड़ रुपए से अधिक रुपए कमाए।

Related Articles

Back to top button