राष्ट्रीय

एअर इंडिया के पायलट पर गिरी गाज, ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट में हुआ फेल; फ्लाइट ड्यूटी से हटाकर किया गया सस्पेंड

नई दिल्ली: ज्यूरिख एयरपोर्ट पर एअर इंडिया का एक पायलट उड़ान भरने से ठीक पहले मेडिकल जांच में फेल हो गया। यह घटना 6 सितंबर की है, जब पायलट को ज्यूरिख से नई दिल्ली आने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI151 उड़ानी थी। बोर्डिंग से कुछ समय पहले एयरलाइन अधिकारियों को पायलट के पास से शराब की गंध महसूस हुई। इसके बाद स्थानीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।

स्विट्जरलैंड के अधिकारियों ने पायलट का ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट कराया, जिसमें उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जांच रिपोर्ट सामने आने के तुरंत बाद पायलट को उड़ान ड्यूटी से हटा दिया गया और आगे की विस्तृत मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया।

AI151 की उड़ान पर पड़ा असर

पायलट के फ्लाइट ड्यूटी से हटाए जाने का सीधा असर ज्यूरिख से दिल्ली आने वाली फ्लाइट AI151 पर पड़ा। विमान अपने निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भर सका। शुरुआती जांच के बाद पायलट को विमान से दूर कर दिया गया और प्रक्रिया के तहत आगे की मेडिकल जांच कराई गई।

इसके बाद एअर इंडिया ने पायलट को विमान के क्रू सदस्य के तौर पर नहीं, बल्कि एक सामान्य यात्री के रूप में भारत वापस भेजा। मामले की जांच पूरी होने तक एयरलाइन ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

स्विट्जरलैंड के विमानन प्राधिकरण ने दी DGCA को जानकारी

इस मामले में स्विट्जरलैंड के फेडरल ऑफिस ऑफ सिविल एविएशन (FOCA) ने भी कार्रवाई की है। FOCA के प्रवक्ता के मुताबिक, निर्धारित नियमों के तहत घटना की जानकारी भारतीय विमानन नियामक डीजीसीए और संबंधित एयरलाइन को तुरंत दे दी गई थी।

हालांकि, डेटा सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए FOCA ने मामले से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी साझा करने से इनकार किया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि आगे की कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई का अधिकार भारतीय नियामक डीजीसीए के पास है।

जांच पूरी होने तक निलंबित रहेगा पायलट

ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट में पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद पायलट को तत्काल उड़ान ड्यूटी से हटा दिया गया है। एअर इंडिया ने भी जांच पूरी होने तक उसे निलंबित कर दिया है। अब मामले में आगे की कार्रवाई विस्तृत मेडिकल जांच और भारतीय नियामक की प्रक्रिया के आधार पर होगी।

Related Articles

Back to top button