नर्मदा किनारे मिला विशालकाय जीव के जबड़े जैसा रहस्यमयी पत्थर, दांत जैसी आकृतियां देख हैरान हुए ग्रामीण, वैज्ञानिक करेंगे जांच

भोपाल: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में नर्मदा नदी के किनारे एक रहस्यमयी पत्थर मिलने से इलाके में कौतूहल फैल गया है। इसकी बनावट किसी विशालकाय जानवर के जबड़े जैसी दिखाई दे रही है। पत्थर पर दांतों जैसी कई आकृतियां बनी हुई हैं, जबकि इसका बड़ा हिस्सा जमीन के अंदर दबा हुआ है। यह अनोखी संरचना देवरी क्षेत्र के पतई गांव में मिली है। खास बात यह है कि नर्मदा घाटी का यह इलाका पहले भी डायनासोर के अंडों और दूसरे प्राचीन जीवों के जीवाश्म मिलने के कारण चर्चा में रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पतई गांव के कुछ बच्चे नर्मदा नदी के किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान मिट्टी की खुदाई करते समय उनकी नजर एक अजीब आकार के पत्थर पर पड़ी। इसकी बनावट सामान्य चट्टानों से बिल्कुल अलग नजर आई। पत्थर में दांतों जैसी कई संरचनाएं दिखाई दे रही हैं, जिसके चलते इसका आकार किसी बड़े जीव के जबड़े जैसा लग रहा है। देखते ही देखते इसकी चर्चा पूरे गांव में फैल गई।
रहस्यमयी पत्थर को ग्रामीण मानने लगे देवता की आकृति
पत्थर का अधिकांश हिस्सा जमीन के भीतर दबा होने के कारण उसकी पूरी बनावट सामने नहीं आ पाई है। इसकी अनोखी आकृति देखकर स्थानीय लोग भी हैरान हैं। कुछ ग्रामीण इसे किसी अज्ञात देवता की आकृति मानकर पूजा-अर्चना करने लगे हैं। लोगों ने इस संरचना के फोटो और वीडियो भी साझा किए हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि वैज्ञानिकों की टीम मौके पर पहुंचकर इसकी जांच करे, ताकि पता चल सके कि यह वास्तव में क्या है। इस मामले की जानकारी रायसेन कलेक्टर रोहित सिसोनिया को भी दी गई है।
नर्मदा घाटी में पहले भी मिल चुके हैं डायनासोर के अंडे और जीवाश्म
नर्मदा घाटी का यह क्षेत्र प्राचीन जीवों के अवशेष मिलने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां पहले भी डायनासोर के अंडों और अन्य जीवाश्मों के मिलने की जानकारी सामने आती रही है। हालांकि, इन प्राचीन अवशेषों के संरक्षण को लेकर समय-समय पर सवाल भी उठते रहे हैं।
अब पतई गांव में जबड़े जैसी आकृति वाला पत्थर मिलने के बाद एक बार फिर इस क्षेत्र के प्राचीन प्राकृतिक इतिहास को लेकर दिलचस्पी बढ़ गई है। इसकी बनावट किसी विशालकाय जीव के जबड़े जैसी जरूर दिखाई दे रही है, लेकिन यह किसी प्राचीन जीव का जीवाश्म है या प्राकृतिक रूप से बनी चट्टानी संरचना, इसका खुलासा वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा।
कलेक्टर ने स्थल सुरक्षित कराने की कही बात, वैज्ञानिकों से होगा संपर्क
मामले की जानकारी मिलने के बाद रायसेन कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने बताया कि संबंधित स्थल को सुरक्षित किया जा रहा है। पत्थर की वास्तविक पहचान और उसके वैज्ञानिक महत्व का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों से संपर्क किया जा रहा है।
फिलहाल इस रहस्यमयी संरचना को लेकर पतई गांव और आसपास के इलाकों में उत्सुकता बनी हुई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि वैज्ञानिक जांच से इस अनोखी आकृति का राज सामने आएगा और यह स्पष्ट हो सकेगा कि जमीन में दबा हुआ यह पत्थर किसी प्राचीन जीव का अवशेष है या प्रकृति की बनाई कोई अनोखी संरचना।



