
बजरंगबली की भक्ति में झूमी काशी, दीपों से जगमगाए गंगा घाट
हनुमान जन्मोत्सव पर मंदिरों में पंचामृत अभिषेक, सिंदूरी चोला और महाआरती; छोटी दिवाली की पूर्व संध्या पर दीपों से जगमगाए घाट और देवालय
–सुरेश गांधी
वाराणसी। काशी की सांझ शनिवार को आस्था, उल्लास और प्रकाश के अद्भुत रंगों में रंगी नजर आई। कहीं बजरंगबली के जयकारों से मंदिर गूंज उठे तो कहीं दीपों की सुनहरी कतारों ने गंगा के आंचल को रोशन कर दिया। कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी पर हनुमान जन्मोत्सव और काली चौदस की धार्मिक परंपराओं के बीच धर्मनगरी का हर कोना भक्तिरस में सराबोर रहा।
हनुमान जन्मोत्सव पर संकटमोचन, महावीर मंदिर अर्दली बाजार, पांडेयपुर के प्राचीन हनुमान मंदिर और रोहनिया सहित शहर के विभिन्न देवालयों में विशेष पूजन-अर्चन हुआ। बजरंगबली का पंचामृत अभिषेक कर उन्हें नवीन वस्त्र और सिंदूरी चोला धारण कराया गया। कहीं फूलों से सजे दरबार में मनोहारी झांकियां सजीं तो कहीं भजन-कीर्तन और सुंदरकांड के पाठ ने वातावरण को राममय बना दिया। श्रद्धालुओं ने सिंदूर, चमेली का तेल, लड्डू और चूरमा अर्पित कर संकटमोचन से सुख-समृद्धि की कामना की।

सिंदूरी शृंगार ने मोहा मन
मंदिरों में विशेष शृंगार और महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। दीपों की रोशनी में बजरंगबली का सिंदूरी स्वरूप अलौकिक आभा बिखेरता रहा। जय हनुमान ज्ञान गुण सागर और बजरंगबली के जयकारों से देवालय गूंजते रहे। कई मंदिरों में प्रसाद वितरण और भंडारे का भी आयोजन हुआ।
घाटों पर दीपों की झिलमिलाहट
उधर, छोटी दिवाली की पूर्व संध्या पर गंगा घाटों से लेकर घरों और मंदिरों तक दीपोत्सवी छटा दिखाई दी। दशाश्वमेध, अस्सी और आसपास के घाटों पर दीपों की रोशनी ने गंगा की लहरों को सुनहरी आभा से भर दिया। गंगा पार रेती पर भी दीपों की कतारें आकर्षण का केंद्र रहीं। युवाओं ने इस अद्भुत दृश्य को मोबाइल और कैमरों में कैद किया।
यम दीप से मांगी दीर्घायु
नरक चतुर्दशी की परंपरा के तहत यम दीपदान का महत्व भी श्रद्धालुओं ने याद किया। घरों के द्वार पर दीप प्रज्ज्वलित कर यमराज से परिवार की सुख-शांति, आरोग्य और अकाल मृत्यु से रक्षा की कामना की गई। पौराणिक मान्यता के अनुसार इस तिथि पर भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर का वध कर संसार को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी। काशी में हनुमत भक्ति की सिंदूरी आभा और दीपों की सुनहरी चमक ने मानो एक ही संदेश दिया-अंधकार कितना भी गहरा हो, आस्था का एक दीप उसे मिटाने के लिए पर्याप्त है।



