राष्ट्रीय

दिल्ली-NCR में प्रदूषण का कहर जारी, नोएडा-गुरुग्राम समेत कई शहरों की हवा खराब, हिसार में AQI 377 पहुंचा

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बिगड़ती हवा के बीच प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ग्रैप-3 की पाबंदियां लागू हैं, लेकिन इसके बावजूद कई इलाकों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर पहुंच गई है। बुधवार सुबह 7 बजे दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 370 के पार पहुंच गया। वहीं, हरियाणा के हिसार में भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक दर्ज किया गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत AQI 299 रहा। यह खराब श्रेणी में आता है। हालांकि, राजधानी के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर एक जैसा नहीं रहा। चांदनी चौक में AQI 379, आईआईटी दिल्ली में 375 और नॉर्थ कैंपस में 374 दर्ज किया गया। वहीं, आरके पुरम में वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 रहा। इन आंकड़ों से साफ है कि दिल्ली के कई हिस्सों में लोगों को प्रदूषित हवा के बीच सांस लेनी पड़ रही है।

नोएडा-गुरुग्राम से गाजियाबाद तक प्रदूषण से राहत नहीं

दिल्ली से सटे एनसीआर के दूसरे शहरों में भी हवा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बुधवार सुबह 7 बजे नोएडा का AQI 278 और गुरुग्राम का 292 दर्ज किया गया। ग्रेटर नोएडा में यह आंकड़ा 240 रहा। इसके अलावा गाजियाबाद में AQI 282 और फरीदाबाद में 275 दर्ज किया गया। इन सभी शहरों में हवा खराब श्रेणी में रही। यानी दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश और हरियाणा के एनसीआर क्षेत्र में भी प्रदूषण का असर बना हुआ है।

हरियाणा के हिसार में AQI 377, बल्लभगढ़ और करनाल में भी हालात खराब

हरियाणा के कई शहरों में प्रदूषण का स्तर और ज्यादा गंभीर नजर आया। सुबह 7 बजे हिसार का AQI 377 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। वहीं, बल्लभगढ़ में वायु गुणवत्ता सूचकांक 323 और करनाल में 303 रहा। इन दोनों शहरों में भी हवा बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई। ऐसे में हरियाणा के कई इलाकों में भी लोगों को प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही है।

क्या है GRAP-3 और कब लगाई जाती हैं पाबंदियां?

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान यानी ग्रैप लागू किया जाता है। इसके तहत प्रदूषण के स्तर के अनुसार अलग-अलग चरणों में पाबंदियां लगाई जाती हैं। ग्रैप का तीसरा चरण GRAP-3 कहलाता है। आमतौर पर दिल्ली का AQI 401 से 450 के बीच पहुंचने पर इसे लागू किया जाता है। हालांकि, मौसम की परिस्थितियों और प्रदूषण के पूर्वानुमान को देखते हुए इसे पहले भी लागू किया जा सकता है।

इस चरण का मुख्य उद्देश्य प्रदूषण को और गंभीर होने से रोकना और हवा की गुणवत्ता में सुधार लाना है। फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में GRAP-3 की पाबंदियां लागू होने के बावजूद कई शहरों में हवा खराब से बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button