राजस्थानराज्य

जयपुर में छात्रा से निकाह के आरोप में मौलाना की कोर्ट परिसर में पिटाई, तीन बच्चों का पिता होने की भी चर्चा

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में 18 वर्षीय छात्रा से निकाह करने के आरोप में एक मौलाना को अदालत परिसर के बाहर लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। पेशी के लिए कोर्ट पहुंचे मौलाना को भीड़ ने घेर लिया और लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी। मौलाना पर आरोप है कि उसने मदरसे में पढ़ने आने वाली छात्रा को अपने प्रभाव में लेकर उससे निकाह किया। बताया जा रहा है कि मौलाना पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

मामला जयपुर के जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र के नाई की थड़ी स्थित एक मदरसे से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, मदरसे में पढ़ाने वाले मौलाना पर वहां पढ़ने आने वाली 18 वर्षीय छात्रा को प्रभावित कर उससे निकाह करने का आरोप है। यह भी आरोप लगाया गया है कि वह मदरसे में आने वाली दूसरी लड़कियों को भी अपने प्रभाव में लेने की कोशिश करता था।

मौलाना और छात्रा के निकाह की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी। इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी फैल गई। शनिवार को बड़ी संख्या में लोग विरोध जताने जयसिंहपुरा खोर थाने पहुंच गए। बढ़ते विरोध और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौलाना को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

कोर्ट ने जेल भेजने का दिया आदेश, बाहर निकलते ही भीड़ ने घेरा

पुलिस मौलाना को अदालत में पेशी के लिए लेकर पहुंची थी। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे जेल भेजने के आदेश दिए। इसके बाद जैसे ही मौलाना कोर्ट परिसर से बाहर निकला, वहां पहले से मौजूद लोगों ने उसे घेर लिया। देखते ही देखते भीड़ ने उस पर हमला कर दिया और लात-घूंसों से पिटाई शुरू कर दी।

अचानक हुई मारपीट से अदालत परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने के लिए तुरंत हस्तक्षेप किया।

मारपीट का वीडियो प्रसारित, पुलिस ने भीड़ से छुड़ाया

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में कई लोग मौलाना को घेरकर पीटते दिखाई दे रहे हैं। हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों ने भीड़ को हटाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने मौलाना को लोगों के चंगुल से छुड़ाया और सुरक्षित बाहर निकाला।

फिलहाल मामले को लेकर पुलिस आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वहीं, कोर्ट परिसर में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद घटना चर्चा में बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button