पंजाब

पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा की बढ़ी मुश्किलें, जानें क्या है मामला

पंजाब डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विवादित भाषण को लेकर राजस्थान कांग्रेस कमेटी के प्रभारी और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सोमवार को कोटा की एक अदालत ने पुलिस को रंधावा के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज करने के निर्देश दिए।

मार्च महीने में महावीर नगर थाने में रंधावा के खिलाफ शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया था। फिर अपर मुख्य न्यायिक मैजिस्ट्रेट क्रम 6 में कांग्रेस प्रभारी के खिलाफ इस्तगासा पेश किया गया था। कोर्ट ने सुनवाई करते हुए सोमवार को महावीर नगर थाना पुलिस को मामला दर्ज करने के आदेश दिए।13 मार्च को सुखजिंदर रंधावा ने राजभवन घेराव के बाद विवादित भाषण दिया था।

उन्होंने देश को बचाने के लिए मोदी को खत्म करने की बात कही। उन्होंने कहा था, अपनी लड़ाई खत्म करो, मोदी को खत्म करने की बात करो। अगर मोदी खत्म हो गया तो हिन्दुस्तान बच जाएगा। अगर मोदी रहा तो हिन्दुस्तान खत्म हो जाएगा। हालांकि बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कहा था कि वह राजनीतिक रूप से खत्म करने की बात कर रहे थे। रंधावा के भाषण के बाद विधायक मदन दिलावर कार्यकत्र्ताओं और भाजपा नेताओं के साथ महावीर नगर थाना पहुंचे और शिकायत दी थी।

Related Articles

Back to top button