तटरक्षक ने पाकिस्तानी नौका को कच्छ में पकड़ा, 11 मछुआरे गिरफ्तार
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2016/02/tamil-nadu-college-explosion_650x400_81454752360.jpg)
दस्तक टाइम्स एजेन्सी/ अहमदाबाद: भारतीय तटरक्षक बल ने मछली पकड़ने वाली एक पाकिस्तानी नौका को पकड़ा है जो कच्छ जिले में जखाउ तट के पास भारतीय समुद्री सीमा में अवैध रूप से घुस गई थी। इस संबंध में नौका पर सवार 11 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रक्षा प्रवक्ता कैप्टन अभिषेक मतिमान के मुताबिक ‘मछली पकड़ने वाली 40 फुट लंबी पाकिस्तान की नौका को भारतीय तटरक्षक बल ने जखाउ तट पर भारतीय जल क्षेत्र के अंदर पांच नॉटिकल माइल पर पकड़ लिया गया है। साथ ही नौका पर सवार 11 मछुआरों को पकड़ लिया गया है।’
भारतीय और पाकिस्तानी समुद्री सुरक्षा एजेंसियां अक्सर एक दूसरे की जल सीमा में प्रवेश करने को लेकर मछली पकड़ने वाली नौकाओं को जब्त करती रहती हैं। इस समय करीब 440 भारतीय मछुआरे पाकिस्तान की जेलों में बंद हैं जिनमें से अधिकतर गुजरात के रहने वाले हैं। भारत की मछली पकड़ने की करीब 860 नौकाएं पाकिस्तान के कब्जे में हैं। हाल ही में मछुआरों के एक संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में उनसे पाकिस्तान की जेलों में बंद भारतीय मछुआरों को वापस लाने के प्रयास की पहल करने की अपील की थी।