अपराधउत्तर प्रदेशराज्य

बेटे ने मां को प्रेमी संग आपत्तिजनक हालत में पकड़ा, राज खोलने की धमकी दी तो दोनों ने दबा दिया गला

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। आरोप है कि मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि किशोर ने मां और उसके प्रेमी को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था और दोनों के रिश्ते की जानकारी परिवार के लोगों को देने की धमकी दी थी। इसी के बाद कथित तौर पर दोनों ने उसकी हत्या कर दी। मामले का खुलासा तब हुआ, जब वारदात से घबराए प्रेमी ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की।

सामान लेने गया था किशोर, लौटकर देखा मां और प्रेमी को

पुलिस जांच के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10 बजे 14 वर्षीय किशोर की हत्या कर दी गई। किशोर तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके दो छोटे भाई 11 और आठ साल के हैं। उसके पिता गुजरात में रहकर काम करते हैं।

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले रात करीब 9 बजे किशोर घर से सामान लेने गया था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला उसकी मां का प्रेमी मौका पाकर घर पहुंच गया। कुछ देर बाद किशोर वापस लौटा तो उसने मां को युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।

चाचा-ताऊ को बताने की धमकी देने लगा बेटा

मां और युवक को इस हालत में देखकर किशोर ने दोनों का विरोध किया। मां ने उसे रोकने और चुप कराने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। किशोर ने गांव में रहने वाले अपने चाचा-ताऊ को पूरी बात बताने की धमकी दी।

आरोप है कि बेटे की ओर से रिश्ते का राज परिवार के सामने खोलने की धमकी के बाद मां और उसके प्रेमी ने मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद प्रेमी ने की आत्महत्या की कोशिश

वारदात के बाद किशोर की हत्या से प्रेमी घबरा गया। उसने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने समय रहते उसे बचा लिया। इसके बाद उसने आत्महत्या की कोशिश की वजह बताई और फिर मौके से फरार हो गया।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। किशोर की हत्या के पीछे मां और उसके प्रेमी के रिश्ते से जुड़े विवाद को प्रमुख वजह बताया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button