गाजियाबाद में दोस्तोें ने की व्हाट्सएप पर बुलिंग, छात्रा ने फंदा लगाकर दे दी जान
आरोपी छात्र ने छात्रा के मां बाप को भी पीटने की धमकी दी थी।
Ghaziabad News: गाजियाबाद में स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा के साथ दोस्तों ने व्हाट्सएप पर बुलिंग की। इससे आहत छात्रा ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी है। मृतक छात्रा के पिता ने कक्षा के छात्र व उसके तीन परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर दर्ज कराई है। इस मामले की पुलिस जांच कर रही है।
कौशांबी थाना क्षेत्र में 24 अगस्त को 12वीं कक्षा की छात्रा ने अपने स्कूल के साथियों की ओर से व्हाट्सएप पर की बुलिंग से परेशान होकर फंदा लगाकर जान दी थी। आरोप है कि छात्रा की लगातार बुलिंग की जा रही थी। जिससे वह परेशान थी। उसे ये कहा जाता है कि अगर उसने दोबारा आरोपी के बारे में बोला तो उसकी जिंदगी तहस-नहस कर दी जाएगी। आरोपी छात्र ने छात्रा के मां बाप को भी पीटने की धमकी दी थी।
कक्षा के छात्र व उसके तीन परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई
छात्रा के पिता ने दिल्ली के विवेकानंद स्कूल में पढ़ने वाले उसकी कक्षा के छात्र व उसके तीन परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। मामले की पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, पिता ने रिपोर्ट में लिखवाया है कि पहले उन्हें लगा कि उनकी बेटी ने आत्महत्या की है, लेकिन जब उन्होंने छात्रा की मौत के बाद उसके मोबाइल फोन की जांच करने पर उसके साथ पढ़ने वाले छात्र से संबंधित डियो, ऑडियो और व्हाट्सएप चैट देखे तो सामने आया कि उनकी बेटी के साथ स्कूल में बुलिंग और धमकाया गया है।
घटना वाले दिन आरोपी छात्र ने छात्रा को व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल की थी।
आरोपी अपने माता-पिता से माफी मांगने का दबाव बना रहा
आरोप है कि कॉल के दौरान छात्रा पर आरोपी अपने माता-पिता से माफी मांगने का दबाव बना रहा है। जिसमें वह उसके मिमिक्री करती है। इसी के साथ उसे डराने व धमकाने का आरोप है। इसके बाद छात्रा ने घर में फंदा लगाकर जान दी। मामले की जांच के दौरान स्कूल की प्रिंसिपल ने छात्रा के पिता को पेन ड्राइव उपलब्ध कराई है। इसमें घटना से संबंधित वीडियो है। एक वीडियो में आरोपी छात्र और उसके माता-पिता के साथ की गई बातचीत शामिल है। परिजनों ने यह सामग्री पुलिस को सौंपी है।
दूसरे छात्रों के ग्रुप में शामिल हो गई थी छात्रा
एसीपी ने बताया कि जांच में पता चला है कि कुछ समय पहले छात्रा ने आरोपी छात्र से दूरी बना ली थी और दूसरे दोस्तों के समूह में शामिल हो गई थी। पिता ने बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी आनंद विहार स्थित विवेकानंद स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। 24 अगस्त को वैशाली में घर पर उसने पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे मृत घोषित किया। व्हाट्सएप ग्रुप पर दोस्तों के बीच हुई बुलिंग से छात्रा सबसे अधिक आहत हो गई थी। इस घटना के तीन दिन पहले ही उसने स्कूल जाना छोड़ दिया था।



