उत्तर प्रदेशराज्य

आरोपी के खिलाफ हो कड़ी कार्रवाई, अयोध्या में नाबालिग संग दुष्कर्म मामले पर बोले संजय निषाद

लखनऊ : निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। निषाद ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह जघन्य अपराध है। इसमें शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। यह सुनिश्चित करना चाहिए कि निकट भविष्य में इस तरह की घटना न हो। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी, तभी जाकर लोगों का कानून–व्यवस्था पर विश्वास बढ़ेगा।

मामले पर समाजवादी पार्टी की चुप्पी पर भी उन्होंने सवाल उठाया। सपा के अब तक आधिकारिक बयान नहीं देने के बारे में पूछे जाने पर निषाद ने कहा कि सपा के नेता इसमें शामिल हैं, वे भला इस पर टिप्पणी क्यों करेंगे।

उल्लेखनीय है कि अयोध्या में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। सपा नेता मोइद खान पर नाबालिग लड़की को नौकरी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी उसके साथ दो महीने तक रेप करता रहा और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

मामले का खुलासा तब हुआ, जब नाबालिग के पेट में दर्द हुआ। परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए जहां डॉक्टर ने मेडिकल जांच के बाद बताया कि वह गर्भवती है। इसके बाद उसने अपने परिजनों को यह पूरी कहानी बताई।

आरोपी सपा नेता के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया जा चुका है, लेकिन अब तक वह पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया, “हम उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लेंगे।” इस संबंध में जब सपा नेता अवधेश प्रसाद से सवाल किया गया तो उन्होंने इस बारे में कोई जानकारी होने और टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

Related Articles

Back to top button