उत्तर प्रदेशराज्य

नए साल पर यूपी के लिए एक और खुशखबरी, इन दो जिलों के बीच से संभल तक बनेगा स्टेट हाईवे

नए साल एक दिन पहले अलीगढ़ और हाथरस जनपद के लिए अच्छी खबर आई है। दोनों जनपद के बीच से स्टेट हाइवे के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। लोक निर्माण विभाग ने आबादी और यातायात घनत्व को देखते हुए अलीगढ़ से सासनी होते हुए संभल के लिए नए राज्य मार्ग का प्रस्ताव शासन को भेजा है। वर्तमान में यह सभी अतिरिक्त जिला मार्ग हैं। इनकी चौड़ाई के साथ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को भी शामिल किया गया है। नया स्टेट हाइवे एनएच 509 व एनएच 32 को जोड़ते हुए संभल जाएगा। आगरा व हाथरस के लोगों को संभल जाने के लिए अलीगढ़ नहीं आना होगा।

अलीगढ़ और हाथरस जनपद में सड़कों पर यातायात के बढ़ते घनत्व के दबाव को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने ओडीआर मार्ग को जोड़ते हुए नए स्टेट हाइवे का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। 81.41 किलोमीटर के नए स्टेट हाइवे से चार जिलों के लोगों की प्रत्यक्ष रूप से दूरी कम हो जाएगी। अभी तक संभल जाने के लिए लोग अलीगढ़, अतरौली होते हुए संभल जाते हैं। जिसकी दूरी 105 किलोमीटर से अधिक है। ढाई घंटे से अधिक का समय लगता है। नए स्टेट हाइवे के निर्माण होने से अलीगढ़ के लोग एक से डेढ़ से घंटे में संभल पहुंच जाएंगे। सासनी, हाथरस व आगरा वालों को अलीगढ़ आने की आवश्यकता नहीं होगी। सासनी होते हुए नए स्टेट हाइवे से संभल पहुंच जाएंगे।

एक-डेढ़ घंटे में पहुंचेंगे संभल
नया स्टेट हाइवे बनने के बाद के अलीगढ़ और हाथरस वालों का सफर संभल के लिए आसान हो जाएगा। एक से डेढ़ घंटे में सफर तय कर पाएंगे। अभी तक अलीगढ़ से संभल जाने में दो से ढाई घंटे का समय लगता है। मार्ग की स्थिति अच्छी नहीं है।

10 मीटर चौड़ा प्रस्तावित किया गया है स्टेट हाइवे
लोक निर्माण विभाग ने नए अलीगढ़ संभल स्टेट हाइवे को लेकर जो प्रस्ताव तैयार किया है वह राज्य मार्ग दस मीटर चौड़ा होगा। वर्तमान में ओडीआर मार्गों की चौड़ाई कहीं पांच मीटर तो कहीं उससे कम है। स्टेट हाइवे के नए मानक के अनुसार चौड़ाई की जाएगी। अलीगढ़, सासनी व संभल की सीमा में जमीन अधिग्रहण भी शामिल है। जिन स्थानों पर सड़क के चौड़ीकरण की जरूरत पड़ेगी वहां पर जमीन ली जाएगी। प्रस्ताव में इसको शामिल किया गया है।

तीनों जिलों में यह रूट किया गया प्रस्तावित
हाथरस जनपद में सासनी अकराबाद, सासनी रेलवे फीडर मार्ग, सासनी नानऊ मार्ग, अलीगढ़ में नानऊ दादों मार्ग, दादों सांकरा मार्ग, सांकरा मिठनपुर मार्ग, सांकरा से भावरुखेड़ा गंगा नदी व संभल में मेरठ बदायूं मार्ग के किलोमीटर 159 से घोसी का राजा मार्ग, मिठनपुर से बैरपुर संभल मार्ग शामिल है। स्टेट हाइवे की लंबाई अलीगढ़ में 52.82 किलोमीटर, हाथरस में 14 किलोमीटर व संभल में 14.59 किलोमीटर शामिल है। अलीगढ़ संभल राज्यमार्ग एनएच 509 व एनएच 32 को पार करते हुए जाएगा।

क्या बोले चीफ इंजीनियर
लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर विजय सिंह ने कहा कि अलीगढ़-संभल नया राज्य मार्ग प्रस्तावित किया गया है। सर्वे कराकर इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। वर्तमान में ओडीआर वाले मार्ग को शामिल किया गया है। यातायात के बढ़ते घनत्व को लेकर नया स्टेट हाइवे प्रस्तावित किया गया है। अलीगढ़, हाथरस व आगरा जनपद तक इसका लाभ मिलेगा। स्टेट हाइवे के बाद एनएच में मार्ग तब्दील होने की संभावना बढ़ जाती है।

Related Articles

Back to top button