लखनऊ में हेड कॉन्स्टेबल ने पत्नी की हत्या की, मासूम बेटे को गोद में लेकर 3 घंटे घूमता रहा

लखनऊ: निशातगंज की पेपर मिल कॉलोनी में रविवार तड़के एक हेड कॉन्स्टेबल ने विवाद के दौरान अपनी पत्नी की हत्या कर दी। मुख्य आरक्षी हिमांशु श्रीवास्तव ने लोहे के मूसल से पत्नी रश्मि (40) के सिर पर वार किया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी करीब तीन घंटे तक अपने एक साल के बेटे को गोद में लेकर मोहल्ले में घूमता रहा। मकान मालिक को शक होने पर उसने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मकान मालिक को भी करता रहा गुमराह
हत्या के बाद हिमांशु दुधमुंहे बेटे को लेकर घर से बाहर निकल गया और करीब तीन घंटे तक आसपास घूमता रहा। इस दौरान मकान मालिक ने जब उसकी पत्नी के बारे में पूछा तो वह उन्हें भी बरगलाता रहा। उसकी गतिविधियों पर संदेह होने के बाद मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी।
पूजाघर के पास खून से लथपथ मिला शव
सूचना मिलते ही महानगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर पूजाघर के पास रश्मि का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। शव खून से लथपथ था। पुलिस ने हिमांशु को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। रश्मि के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
2011 बैच का सिपाही है हिमांशु
एसीपी महानगर अंकित कुमार के मुताबिक, हिमांशु श्रीवास्तव वर्ष 2011 बैच का सिपाही है। वह मूल रूप से अयोध्या के निरालानगर का रहने वाला है। वर्तमान में डालीगंज स्थित पुलिस कार्यालय के जनसूचना प्रकोष्ठ में तैनात था।
2015 में हुई थी शादी
हिमांशु अपनी पत्नी रश्मि और एक साल के बेटे के साथ पेपर मिल कॉलोनी में डॉक्टर अंशुमान श्रीवास्तव के मकान में किराए पर रहता था। रश्मि मूल रूप से आंबेडकर नगर के मालीपुर की रहने वाली थीं। दोनों की शादी वर्ष 2015 में हुई थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात के कारणों का पता लगाने में जुटी है।



