बिहार

सीएम नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान: 5 साल में बिहार से गरीबी खत्म, एक करोड़ युवाओं को नौकरी-रोजगार का लक्ष्य

छपरा। समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को छपरा पहुंचे और विकास योजनाओं की झड़ी लगा दी। छपरा हवाई अड्डे से सदर प्रखंड परिसर पहुंचे मुख्यमंत्री ने सिलाई केंद्र का उद्घाटन किया और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद बिनटोलिया स्थित निर्माणाधीन बस स्टैंड परिसर में योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास कर विशाल जनसभा को संबोधित किया।

विकास और रोजगार से बदलेगा बिहार का भविष्य
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि विकास और रोजगार के दम पर बिहार का चेहरा तेजी से बदल रहा है। उन्होंने दावा किया कि अगले पांच वर्षों में बिहार से गरीबी का पूरी तरह अंत कर दिया जाएगा। केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य निरंतर प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और जल्द ही देश के विकसित राज्यों की कतार में खड़ा होगा।

सात निश्चय से सात निश्चय-तीन तक, जनता को बनाया भागीदार
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2016 में सात निश्चय-एक और 2020 में सात निश्चय-दो के जरिए बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक विकास के बड़े कार्य किए गए। अब सात निश्चय-तीन के माध्यम से आम लोगों को सीधे विकास प्रक्रिया से जोड़ा जा रहा है, जिससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।

2005 के बाद कानून का राज, भय से मुक्ति
नीतीश कुमार ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को एनडीए सरकार बनने के बाद बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ। इससे पहले भय, अराजकता और सामाजिक तनाव का माहौल था। उन्होंने कहा कि अब राज्य में शांति और सुरक्षा है, सामाजिक विवादों में कमी आई है और लोग बिना डर के जीवन जी रहे हैं।

सारण को 538 करोड़ की सौगात, योजनाओं की बाढ़
समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने सारण जिले के लिए 538 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की घोषणा की। इसमें 451 करोड़ रुपये की 45 योजनाओं का शिलान्यास और 87 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को तय समय में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए।

महिला सशक्तिकरण पर जोर, दीदी का सिलाई घर बना उदाहरण
मुख्यमंत्री ने सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में जीविका के तहत संचालित दीदी का सिलाई घर, प्रशिक्षण सह उत्पादन केंद्र का उद्घाटन और निरीक्षण किया। महिलाओं ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से उन्हें रोजगार मिला है, जिससे आत्मविश्वास बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पेंशन, रोजगार और सहायता योजनाओं से राहत
प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गई। जीविका से जुड़े स्वयं सहायता समूहों को परियोजनाओं और बैंकों के माध्यम से दो अरब सात करोड़ रुपये की सहायता दी गई। सामाजिक सुरक्षा पेंशन 400 से बढ़ाकर 1100 रुपये करने, कलाकार पेंशन योजना, किसान सलाहकारों के मानदेय में वृद्धि और मुख्यमंत्री रोजगार योजना जैसे फैसलों पर लाभुकों ने आभार जताया।

आईटीआई उद्घाटन, युवाओं से सीधा संवाद
मुख्यमंत्री ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, छपरा के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन कर कक्षाओं और कार्यशालाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि कौशल प्रशिक्षण से युवाओं को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले कार्यकाल में 10 लाख लोगों को नौकरी और 40 लाख को रोजगार मिला, जबकि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी-रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है।

कृषि रोड मैप से उत्पादन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि रोड मैप से अनाज, फल-सब्जी, दूध, अंडा, मांस और मछली उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। मछली उत्पादन ढाई गुना से अधिक बढ़ा है। 2023 की जाति आधारित गणना में चिह्नित गरीब परिवारों के उत्थान के लिए सरकार हरसंभव मदद कर रही है।

विकास कार्यक्रम में दिग्गजों की मौजूदगी
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, श्रम संसाधन मंत्री संजय सिंह टाइगर, सारण सांसद राजीव प्रताप रुडी, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button