
प्रेम संबंध में युवती की बेरहमी से हत्या, यमुना पुल पर बोरे में बंद मिली लाश की शिनाख्त; पुलिस के शिकंजे में संदिग्ध
आगरा। यमुना पुल पर बोरे में बंद मिली युवती की लाश की शिनाख्त होने के बाद हत्या के मामले में सनसनीखुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या प्रेम संबंध के चलते की गई थी। मृतका ट्रांस यमुना क्षेत्र की रहने वाली थी और बीते एक सप्ताह से लापता थी। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे।
शरीर पर कई जगह चोट के निशान, हालत देख दहले लोग
शुक्रवार रात करीब एक बजे यमुना के जवाहर पुल पर बोरे में बंद 28 वर्षीय युवती का शव मिला था। शव के चेहरे, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। युवती के शरीर पर केवल गहरे ब्राउन रंग की सलवार थी। मौके पर शिनाख्त न होने के चलते पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया था।
गुमशुदा युवतियों की जांच में हुई पहचान
पुलिस ने आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाला। इसी दौरान शव की पहचान ट्रांस यमुना क्षेत्र की रहने वाली युवती के रूप में हुई। परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद मौके पर कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
यमुना में फेंकने की थी साजिश, पुल पर छोड़कर फरार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामला त्रिकोणीय प्रेम संबंधों से जुड़ा हुआ है। आरोपियों ने युवती की हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई थी और उसे यमुना में फेंकने के लिए पुल पर पहुंचे थे। हालांकि पुल पर लोगों की आवाजाही के चलते आरोपी शव को वहीं बोरे में छोड़कर फरार हो गए।
CCTV में दिखे बाइक सवार संदिग्ध, एक युवक हिरासत में
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें बाइक सवार संदिग्ध युवक नजर आए हैं। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का दावा है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।



