अपराध

रेलवे में नौकरी का झांसा देकर 5.45 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र थमाने वाला आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर के झंगहा क्षेत्र में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने अक्टूबर 2025 में दर्ज मुकदमे के बाद फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान चौरीचौरा थाना क्षेत्र के शिवपुरा कौड़िपुरा रामपुर रकबा निवासी चंद्रशेखर राजभर के रूप में हुई है। उसे बलुघट्टा पुल के पास से दबोचा गया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर वाराणसी डिवीजन पहुंचा पीड़ित, खुला राज

झंगहा थाना क्षेत्र के बरबसहा जंगल रसूलपुर नंबर दो निवासी संजय कुमार यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी चंद्रशेखर से दोस्ती थी। आरोपी ने रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाते हुए 5.45 लाख रुपये की मांग की। झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग तिथियों में विभिन्न खातों में रकम ट्रांसफर कर दी।

आरोपी ने बाद में एक नियुक्ति पत्र थमाया और वाराणसी डिवीजन कार्यालय जाने को कहा। जब पीड़ित दस्तावेज लेकर वाराणसी डिवीजन कार्यालय पहुंचा, तो वहां जांच में सभी कागजात फर्जी पाए गए। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ।

कई खातों में ट्रांसफर हुई रकम, 1.60 लाख नकद भी दिए

पीड़ित के मुताबिक, यूनियन बैंक की मेडिकल कॉलेज शाखा में अनिल कुमार श्रीवास्तव के खाते में 1.80 लाख रुपये, पंजाब नेशनल बैंक सैदपुर गाजीपुर शाखा में ओमप्रकाश के खाते में 55 हजार रुपये तथा आंध्रा बैंक, तारामंडल जीडीए कार्यालय शाखा में चंद्रशेखर के खाते में 1.50 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से भेजे गए। इसके अलावा 1.60 लाख रुपये नकद भी आरोपी को दिए गए।

शिकायत के अनुसार, दबाव बनाने पर आरोपी ने 2.18 लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन शेष रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

झंगहा थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस तरह की ठगी में और कौन-कौन शामिल है।

Related Articles

Back to top button