दिल्ली में कपड़ों के वेयरहाउस में भीषण आग, फायर ब्रिगेड कर्मी 4 घंटे से आग पर काबू पाने में जुटे

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के महिपालपुर इलाके के रंगपुरी क्षेत्र में स्थित कपड़ों के वेयरहाउस में आग लगने की घटना ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।
सूचना के अनुसार सुबह लगभग 10:20 बजे दमकल विभाग को आग लगने की खबर मिली। इसके बाद घटनास्थल पर 9 दमकल गाड़ियां तुरंत रवाना की गईं। दमकलकर्मी लगातार चार घंटे से आग बुझाने में लगे हुए हैं, लेकिन अभी तक आग पूरी तरह पर काबू नहीं पाया जा सका है।
बताया जा रहा है कि यह वेयरहाउस कपड़ों का है, जहां से विभिन्न स्थानों पर माल सप्लाई किया जाता है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। सौभाग्य से, अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दमकल विभाग का कहना है कि आग बुझने के बाद ही नुकसान और आग लगने के कारणों का सही आकलन किया जा सकेगा। मौके पर सुरक्षा बल और दमकल कर्मियों की टीम लगातार आग पर नियंत्रण पाने के लिए पूरी तरह से जुटी हुई है।



