
दारोगा भर्ती परीक्षा आज से शुरू, गोरखपुर में रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर सख्त सुरक्षा और विशेष इंतजाम
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (दारोगा) सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा शनिवार से दो दिन यानी 14 और 15 मार्च को आयोजित की जा रही है। गोरखपुर रेंज के चार जिलों—गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज—में कुल 51 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा की सुरक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर विशेष प्रबंध
परीक्षा के चलते गोरखपुर रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों के लिए हेल्प डेस्क और मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं। जीआरपी और रेलवे पुलिस ने स्टेशन परिसर में अलग होल्डिंग एरिया बनाया है। मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था के साथ सुरक्षा बढ़ाई गई है।
परीक्षा का समय और व्यवस्था
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीआरपीबी) द्वारा आयोजित यह ओएमआर आधारित परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 3 से 5 बजे आयोजित होगी। सुरक्षा और अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे और बस अड्डों पर विशेष प्रबंध किए गए हैं।
जिले में परीक्षा का आंकड़ा
गोरखपुर जिले में 24 केंद्रों पर एक पाली में 9,840 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। कुल चार पालियों में जिले के 39,360 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। देवरिया में 10 केंद्रों पर कुल 13,440, कुशीनगर में पांच केंद्रों पर कुल 9,600 और महराजगंज में 12 केंद्रों पर कुल 18,240 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। चारों जिलों में कुल 80,640 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा केंद्रों का दौरा और समीक्षा
एसपी रेलवे लक्ष्मीनिवास मिश्र ने स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। वहीं, डीआईजी डॉ. एस चनप्पा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और नोडल एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा, नकल रोकथाम और अभ्यर्थियों की सुविधा की समीक्षा की। पुलिस अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र समय से कम से कम दो घंटे पहले पहुंच जाएं।
आवश्यक दस्तावेज और निर्देश
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) और वैध फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड आदि) साथ लेकर जाना अनिवार्य है। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
अभ्यर्थियों के लिए होटल और रैन बसेरे आरक्षित
परीक्षा केंद्रों के आसपास अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए होटल और रैन बसेरे आरक्षित किए गए हैं। थाना तिवारीपुर में निरंकारी भवन के पास राधा अतिथि भवन, रामगढ़ताल में पैराडाग्स होटल, खोराबार में डायमंड मैरिज लान और शाहपुर में बिट्टू मैरिज लान और धर्मपुर बिजली कार्यालय के पास रैन बसेरे उपलब्ध कराए गए हैं। गोरखनाथ क्षेत्र में झूलेलाल मंदिर के पीछे और नक्को बाबा मजार के पीछे दो रैन बसेरे चिह्नित किए गए हैं।



