देहरादून। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव आज शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। वह अपनी बचपन की मित्र वंशिका चड्ढा के साथ मसूरी में सात फेरे लेंगे। इस खास मौके के लिए मसूरी में भव्य विवाह समारोह का आयोजन किया गया है, जिसमें क्रिकेट जगत और राजनीति से जुड़ी कई हस्तियां शामिल हो रही हैं।
शादी में मेहमानों के लिए विशेष रूप से पहाड़ी व्यंजनों की व्यवस्था की गई है। समारोह में कंडाली का साग और झंगोरे की खीर जैसी पारंपरिक डिशेज मेहमानों को परोसी जाएंगी, जिससे उन्हें उत्तराखंड के स्थानीय स्वाद का अनुभव मिलेगा।
शाम 6 बजे से शुरू होंगी विवाह की रस्में
विवाह समारोह की सभी रस्में मसूरी स्थित होटल सेवाय में आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार शाम छह बजे वरमाला के साथ होगी, जबकि रात आठ बजे दूल्हा-दुल्हन सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंधेंगे।
इससे पहले शुक्रवार को हल्दी और मेहंदी की रस्में संपन्न हुईं। शादी को लेकर परिवार और मेहमानों में उत्साह का माहौल है और समारोह में शामिल होने के लिए कई मेहमान मसूरी पहुंच चुके हैं।
क्रिकेट जगत और राजनीति की हस्तियां भी पहुंचीं
शादी समारोह में शामिल होने के लिए क्रिकेटर रिंकू सिंह अपनी मंगेतर के साथ मसूरी पहुंचे हैं। इसके अलावा समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज, क्रिकेटर यजुवेंद्र चहल, टी. दिलीप और मोहित शर्मा भी इस समारोह का हिस्सा बनने के लिए यहां पहुंच चुके हैं।
आने वाले समय में समारोह में अन्य कई खास मेहमानों के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
कानपुर के रहने वाले हैं कुलदीप और वंशिका
कुलदीप यादव और वंशिका चड्ढा दोनों ही उत्तर प्रदेश के कानपुर के निवासी हैं। कुलदीप का परिवार जाजमऊ क्षेत्र में रहता है। दोनों की सगाई 4 जून 2025 को लखनऊ में हुई थी। अब मसूरी में दोनों शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।
17 मार्च को लखनऊ में होगा रिसेप्शन
शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ में भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में क्रिकेट, राजनीति और अन्य क्षेत्रों की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।




